सीमा ने हिमाचल की झोली में डाला स्वर्ण, 5000 मीटर दौड़ में रजत के बाद 10 हजार में भी धमाल

By: Oct 3rd, 2022 9:59 pm

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — चंबा

हिमाचल की सीमा ने गुजरात में चल रहे 36वें राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में 10 हजार मीटर दौड़ में पहला स्थान हासिल करके गोल्ड मेडल जीता है। चंबा जिला की ग्राम पंचायत झुलाड़ा के रेटा गांव की धाविका सीमा कुमारी ने 33 मिनट आठ सेकेंड में सबसे पहले यह दौड़ पूरी की। इससे पहले पहली अक्तूबर को इसी प्रतियोगिता में सीमा कुमारी ने पांच हजार मीटर की दौड़ में रजत पदक हासिल किया था। सीमा को सरकार की तरफ से 2024 के पैरिस ओलंपिक की तैयारी के लिए मध्य प्रदेश के भोपाल में विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके लिए सरकार की तरफ से 40 लाख रुपए किए जाए खर्च किए जाएंगे। पेरिस ओलंपिक के अलावा सीमा का अगला लक्ष्य-2023 में चीन में होने वाली एशियन गेम में स्वर्ण पदक हासिल करना भी है। उधर, जीत के बाद सीमा कुमारी ने कहा कि कोच हुगो वेन डेन मेरी काफी मदद करते हैं। ओलंपिक के लिए कोच मुझे बेहतरीन कोचिंग दे रहे हैं। बता दें कि इससे पहले भी सीमा के नाम राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई स्वर्ण व रजत पदक के अलावा चार नेशनल रिकार्ड भी दर्ज हैं। सीमा कुमारी भारत सरकार की प्रतियोगिता खेलो इंडिया में भी स्वर्ण पदक जीत अपना लोहा मनवा चुकी है। अब सीमा की उपलब्धि पर प्रदेश भर में खुशी का माहौल है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App