चंडीगढ़ में काले कपड़े पहनकर प्रदर्शन, छोटे प्लाटों को लेकर कारोबारियों ने प्रशासन के खिलाफ खोला मोर्चा

By: Nov 29th, 2022 12:06 am

इंडस्ट्रियल एरिया के छोटे प्लाटों को लेकर कारोबारियों ने प्रशासन के खिलाफ खोला मोर्चा

चंडीगढ़,  नवंबर (मुकेश संगर)

चंडीगढ़ के इंडस्ट्रियल एरिया के छोटे प्लाटों के कारोबारियों ने अपनी मांगों को लेकर एक बार फिर चंडीगढ़ प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कारोबारियों ने काले कपड़े पहन और काले झंडे लेकर सोमवार को शाम यहां ट्रिब्यून चौक के पास रोष प्रदर्शन किया। व्यापारियों का कहना है कि वह कई सालों से इंडस्ट्रियल एरिया में बिजनेस कर रहे हैं। वहीं प्रशासन बार-बार उन्हें नोटिस जारी कर परेशान कर रहा है। उन्हें वायलेशन के नाम पर नोटिस भेजे जा रहे हैं और उनकी दुकानों को तोडऩे की बात की जा रही है।

प्रशासन बना रहा दबाव, पर झुकेंगे नहीं

व्यापारियों ने कहा कि प्रशासन अपनी इस कार्रवाई से उन पर यहां से बिजनेस छोड़ चले जाने का दबाव बना रहा है। हालांकि व्यापारी झुकने वाले नहीं हैं। व्यापारियों का कहना है कि प्रशासन वायलेशन हटाना चाहता है तो पहले अपने दफ्तरों में हुई वायलेशन को हटाए। व्यापारियों ने कहा कि अगर उनके साथ अत्याचार ऐसे ही चलता रहा तो उन्हें मजबूरी में अपना प्रदर्शन और तेज करना पड़ेगा। एक ओर तो प्रशासन ने कुछ साल पहले इंडस्ट्रियल एरिया का नाम बदलकर चंडीगढ़ बिजनेस पार्क रख दिया था व दूसरी और उन्हें बिजनेस नहीं करने दे रहा। व्यापारी एकता मंच के बैनर तले यह प्रदर्शन किया गया। इसमें सैकड़ों व्यापारी शामिल हुए। व्यापारियों ने कहा कि उन्हें इंडस्ट्रियल एरिया में फैक्ट्रियों, प्लाट में अंदरुनी बदलाव को लेकर नीड बेस्ड चेंज की मंजूरी मिलनी चाहिए। वहीं इंडस्ट्रियल एरिया में दो कनाल तक के प्लाटों के लिए कन्वर्सन पॉलिसी है मगर छोटे प्लाटों के लिए कोई कन्वर्सन पॉलिसी नहीं बनाई गई। वहीं, छोटे प्लाटों की एफएआर नहीं बढ़ाई गई। हाल ही में इंडस्ट्रियल एरिया के व्यापारियों ने धरना भी दिया था। उद्योग व्यापार मंडल चंडीगढ़ ने कहा था कि शहर में किसी भी लीज होल्ड प्रॉपर्टी पर कुल जितनी लीज़ मनी बनती है उसे एकमुश्त लेकर प्रॉपर्टी को फ्री होल्ड किया जाए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App