CPS संजय अवस्थी के नियुक्ति आदेशों में संशोधन, सुंदर सिंह को पर्यटन, वन और ऊर्जा में लगाया

By: Jan 14th, 2023 4:49 pm

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-शिमला

शिमला। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने छह मुख्य संसदीय सचिवों में से अभी सिर्फ दो के नियुक्ति आदेश जारी किए हैं। इनमें से भी सीपीएस संजय अवस्थी के आदेशों में बदलाव किया गया है। यह बदलाव कैबिनेट में पोर्टफोलियो बनने के बाद करना जरूरी था। सीपीएस सुंदर सिंह ठाकुर को भी मुख्यमंत्री ने अपने साथ अटैच किया है। संशोधित आदेशों के अनुसार मुख्य संसदीय सचिव संजय अवस्थी अब पीडब्ल्यूडी मंत्री विक्रमादित्य सिंह और स्वास्थ्य मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल के साथ अटैच होंगे। इससे पहले इनके आदेश मुख्यमंत्री के साथ अटैचमेंट के थे, लेकिन अब ये विभाग सीएम के पास नहीं हैं।

मुख्यमंत्री के पास सूचना एवं जनसंपर्क विभाग का कार्यभार है और उसमें संजय अवस्थी सीएम के साथ ही अटैच रहेंगे। मुख्य संसदीय सचिव फाइल पर तो कुछ नहीं लिख पाएंगे, लेकिन संबंधित मंत्रियों की मदद सरकारी कामकाज में कर सकेंगे। इस नियुक्ति के साथ लोक निर्माण विभाग और स्वास्थ्य विभाग के बीच में सीपीएफ के बहाने से मुख्यमंत्री कार्यालय के साथ समन्वय भी बनेगा।

दूसरा आदेश मुख्य संसदीय सचिव सुंदर सिंह ठाकुर को लेकर हुआ है। कुल्लू से दूसरी बार चुनाव जीते सुंदर सिंह ठाकुर मंत्रिमंडल से चूक गए थे, लेकिन मुख्य संसदीय सचिव बने हैं। जारी ताजा देशों के मुताबिक उन्हें ऊर्जा पर्यटन और फॉरेस्ट विभागों में मुख्यमंत्री के साथ अटैच किया गया है। बाद में मंत्रिमंडल विस्तार के बाद यदि ये विभाग कहीं और देने पड़े तो सीपीएस की नियुक्ति में भी बदलाव होगा। फिलहाल इन्हें मुख्यमंत्री के साथ ही अटैक किया गया है। इस बारे में भी सामान्य प्रशासन विभाग ने ऑर्डर जारी कर दिया है। बाकी चार मुख्य संसदीय सचिवों को लेकर अभी आदेश जारी नहीं हुए हैं। इनमें पालमपुर से आशीष बुटेल, बैजनाथ से किशोरीलाल, रोहडू से मोहनलाल ब्राक्टा और दून से राम कुमार चौधरी शामिल हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App