अब नहीं होंगे अंतर महाविद्यालय खेल!

By: Jan 6th, 2023 12:06 am

हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के पास अपना नियमित शारीरिक शिक्षा व अन्य गतिविधियों का निर्देशक व प्रशिक्षक कैडर भी नहीं था। अभी कुछ महीने पहले ही नियुक्तियां की हैं…

सर्न 2022-2023 में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय का शारीरिक शिक्षा व अन्य गतिविधियों के निदेशालय ने अंतिम बार पूरे हिमाचल प्रदेश के महाविद्यालयों की खेलों का आयोजन विभिन्न महाविद्यालयों में कलैण्डर के अनुसार किया। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला व वल्लभ भाई पटेल राज्य विश्वविद्यालय मंडी इन दोनों विश्वविद्यालयों के लगभग सभी अंतर महाविद्यालय खेलों का संयुक्त रूप से आयोजन हुआ। अगले साल शायद अपने अपने यहां अलग आयोजन हो। हिमाचल प्रदेश में सत्तर के दशक में बना हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला अगले कई दशकों तक सभी विद्याओं में स्नातक डिग्री से लेकर पीएचडी तक शोध करवाता रहा है। जैसे जैसे शिक्षा में उत्कृष्टता की जरूरत महसूस हुई प्रदेश में प्रौद्योगिकी के लिए हमीरपुर में एनआईटी व मंडी में आईआईटी जैसे विश्वविद्यालय समकक्ष संस्थान खुल गए तथा अन्य अभियंत्रिकी महाविद्यालय तथा तकनीकी शिक्षा के लिए हमीरपुर में हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय खोला गया है। चिकित्सा के लिए बिलासपुर में एम्स तथा अन्य चिकित्सा महाविद्यालयों के लिए मंडी के नेरचौक में अटल बिहारी वाजपेयी स्वास्थ्य व चिकित्सा विश्वविद्यालय खोल है। देहरा व धर्मशाला में केन्द्रीय विश्वविद्यालय खुल गया है। अब मंडी, कांगड़ा, चंबा, लाहौल-स्पीति व कुल्लू जिला के 140 महाविद्यालयों को वल्लभभाई विश्वविद्यालय मंडी के अंतर्गत कर दिया है। शेष सात जिलों के महाविद्यालयों को हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला के अंतर्गत ही रखा है। निजी विश्वविद्यालय अलग से हिमाचल प्रदेश में शिक्षा दे रहे हैं। राज्य में इतने संस्थान व विश्वविद्यालय होने के बावजूद खेलों का भला नहीं हो पा रहा है। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के अतंर्गत दो सौ से भी अधिक कालेज आते थे। पिछले सत्र में विश्वविद्यालय की खेलें केवल औपचारिकता तक ही सीमित रह गई थी। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के पास अपना नियमित शारीरिक शिक्षा व अन्य गतिविधियों का निर्देशक व प्रशिक्षक कैडर भी नहीं था। अभी कुछ महीने पहले ही नियुक्तियां की हैं। पिछले दो सालों से महाविद्यालय प्राचार्यों का रवैया असहयोग का ही रहा था। हमीरपुर का सरकारी कालेज जो एथलेटिक्स का गढ़ है, वहां पिछले साल विश्वविद्यालय प्रतियोगिता करवाने के लिए बिल्कुल इंकार किया था और इस साल भी आनाकानी में विश्वविद्यालय की एथलेटिक्स मीट आयोजित नहीं हो पाई है। इस बार राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला विश्वविद्यालय एथलेटिक्स का आयोजन कर रहा था, मगर ऐन मौके पर मना कर दिया गया।

कुछ महाविद्यालय प्राचार्य लिखित में विश्वविद्यालय से अपने यहां खेल प्रतियोगिता आबंटित करने के लिए साफ मना करते रहे हैं। अब भी वही हाल है। क्या हिमाचल प्रदेश शिक्षा के कर्णधार शिक्षा की परिभाषा ही भूल गये हैं। शिक्षा का मतलब है मानव का सर्वांगीण विकास जो शारीरिक व मानसिक दोनों होता है। इस विषय पर सरकार व शिक्षा विभाग को सोच समझ कर निर्णय लेना होगा कि भविष्य में खेलों के साथ इस तरह खिलवाड़ न हो। ओलंपिक खेलों में भाग लेने वाले अधिकांश स्टार खिलाड़ी महाविद्यालय व विश्वविद्यालय से ही निकल कर आते हैं। अकादमिक विषयों की तरह खेल भी शिक्षा का अभिन्न हिस्सा हैं। शारीरिक फिटनेस का उच्चतम स्तर ही खेलों में उत्कृष्ट परिणामों का मुख्य कारण है। जिस देश की जवानी जितनी फिट होगी वहां पर खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करवाना उतना ही आसान होता है। इसलिए शिक्षा संस्थानों में हर विद्यार्थी की फिटनेस के लिए कार्यक्रम होना चाहिए जिससे अच्छे खिलाड़ी ही नहीं, फिट नागरिक भी देश को मिल सकें। महाविद्यालय स्तर पर खेलों के लिए जहां स्तरीय खेल ढांचे का होना बहुत जरूरी है वहीं पर ज्ञानवान प्रशिक्षकों की भी बहुत ज्यादा जरूरत है। देश के अन्य राज्यों की तरह हिमाचल प्रदेश में भी महाविद्यालय स्तर पर खेलों का हाल ज्यादा ठीक नहीं है। राज्य के अधिकतर महाविद्यालय अच्छे खिलाडिय़ों को मंच देने में नाकाम रहे हैं। कनिष्ठ खिलाडिय़ों के लिए नजर दौड़ा कर देखें तो उनके प्रशिक्षण के लिए बहुत अच्छा तो नहीं मगर प्रशिक्षण शुरू करने काबिल व्यवस्था मौजूद है। हिमाचल प्रदेश में जूनियर खिलाडिय़ों के लिए लगभग हर स्तर पर कई खेलों के लिए शिक्षा व खेल विभाग के खेल छात्रावास मौजूद हैं मगर आगे महाविद्यालय व विश्वविद्यालय स्तर पर खिलाडिय़ों के लिए हिमाचल प्रदेश में कहीं भी कोई खेल विंग नहीं है ।

इसलिए हिमाचल प्रदेश के अधिकतर खिलाड़ी स्कूल के बाद अपनी महाविद्यालय की पढ़ाई के लिए राज्य के महाविद्यालयों में खेल वातावरण न होने के कारण पड़ोसी राज्यों को पलायन कर जाते हैं। महाविद्यालय स्तर से ही पूरे विश्व में अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी निकलते हैं। इसलिए महाविद्यालय स्तर पर खिलाड़ी विद्यार्थियों को अच्छी खेल सुविधाएं उपलब्ध होनी चाहिए। हिमाचल प्रदेश में भी कुछ प्राचार्यों व शारीरिक शिक्षा के प्राध्यापकों ने प्रशिक्षकों व खिलाडिय़ों को अच्छा प्रबंधन देकर पदक विजेता प्रदर्शन करवाया है। नब्बे के दशक में हमीरपुर के सरकारी महाविद्यालय में तत्कालीन प्राचार्य डॉक्टर ओपी शर्मा व शारीरिक प्राध्यापक डीसी शर्मा ने एथलेटिक्स व जूडो के प्रशिक्षकों को बुला कर उन्हें काम चलाऊ सुविधा उपलब्ध करवा कर उनके प्रशिक्षण कार्यक्रम को प्रोत्साहित किया था। उसी प्रशिक्षण कार्यक्रम के कारण पुष्पा ठाकुर हमीरपुर से किसी भी खेल की पहली अंतर विश्वविद्यालय पदक विजेता बनी तथा उसके बाद हमीरपुर महाविद्यालय ने एथलेटिक्स व जूडो में कई राष्ट्रीय पदक विजेता दिये। हमीरपुर के सरकारी महाविद्यालय की तत्कालीन खिलाड़ी विद्यार्थियों में पुष्पा ठाकुर व संजो देवी एथलेटिक्स तथा जूडो में नूतन हिमाचल प्रदेश के सबसे बड़े खेल पुरस्कार परशुराम अवार्ड से सम्मानित हैं। प्राचार्य डॉक्टर नरेन्द्र अवस्थी व शारीरिक शिक्षा के प्राध्यापक सुशील भारद्वाज के प्रबंधन में एक समय राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर की चार धाविकाओं ने आज तक का सर्वाधिक पदक जीतने का रिकॉर्ड प्रदर्शन करते हुये अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय एथलेटिक्स प्रतियोगिता बंगलौर 2006-07 में मंजू कुमारी ने पंद्रह सौ व पांच हजार मीटर की दौड़ों में दो स्वर्ण पदक जीत कर सर्वश्रेष्ठ धाविका का ताज पहना। बहरहाल शिक्षकों व प्राचार्यों को चाहिए कि वे खेलों के आयोजन में सकारात्मक भूमिका निभाएं।

भूपिंद्र सिंह

अंतरराष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रशिक्षक

ईमेल: bhupindersinghhmr@gmail.com


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App