नवनियुक्त मेयर अनूप गुप्ता की अध्यक्षता में हुई चंडीगढ़ नगर निगम की पहली हाउस मीटिंग

By: Jan 30th, 2023 12:44 pm

मुकेश संगर – चंडीगढ़

चंडीगढ़। नवनियुक्त मेयर अनूप गुप्ता की अध्यक्षता में चंडीगढ़ नगर निगम की पहली हाउस मीटिंग हुई। इस बैठक में पंजाब के गर्वनर और चंडीगढ़ के प्रशासक बीएल पुरोहित मुख्य मेहमान के रूप में पहुंचे। चंडीगढ़ नगर निगम की बैठक में प्रशासक बीएल पुरोहित ने स्पीच देते हुए कहा कि शहर के विकास को लेकर पार्षदों पर दबाव रहता है। उन्होंने सभी 35 पार्षदों को मिलकर काम करने को कहा। उन्होंने कहा कि उनका एक ही लक्ष्य जनता की सेवा होना चाहिए। ऐसे में उन्हें ईमानदारी से काम करना चाहिए।

प्रशासक ने कहा कि नगर निगम से भ्रष्टाचार जड़ से नष्ट होना चाहिए। वहीं निगम अफसरों और पार्षदों को जनता की समस्याएं सुनने के लिए जनता दरबार लगाने को कहा। प्रशासक ने कहा कि चुने हुए नुमांइदों को लोगों के बीच जाना चाहिए। वहीं निगम की प्रशासन से जो मांगे हैं उन्हें गृह मंत्रालय के समक्ष उठाया जाएगा। प्रशासक ने निगम के अफसरों और पार्षदों को कहा कि वह उनके साथ हैं और हम सभी मिलकर काम करेंगे। आपस में लड़ाई न करें।

दूसरी ओर चंडीगढ़ के मेयर अनूप गुप्ता ने भी प्रशासक के समक्ष कई मुद्दे उठाए। उन्होंने कहा कि सड़कें और हार्टिकल्चर पूरी तरह से निगम को दिया जाना चाहिए। अभी 75 प्रतिशत सड़कें निगम के पास हैं और बाकी प्रशासन के दायरे में हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App