भारत मेें विश्व का सबसे लंबा रिवर क्रूज: 51 दिन में 3200 KM की दूरी तय करेगा एमवी गंगा विलास

By: Jan 13th, 2023 4:55 pm

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से वाराणसी में विश्व के सबसे लंबे रिवर क्रूज-एमवी गंगा विलास को हरी झंडी दिखाई और काशी के गंगापार क्षेत्र में नई टेंट सिटी का उद्घाटन किया। श्री मोदी ने कहा कि सरकार के विभिन्न प्रयासों से आज देश में नदी जलमार्ग का उपयोग बढ़ रहा है। यात्री-पोत एमवी गंगा विलास 51 दिन में 3200 किलोमीटर का मार्ग तय कर असम में डिब्रूगढ़ तक जाएगा।

श्री मोदी ने समारोह के प्रारंभ में हर हर महादेव का उद्घोष करने के साथ लोगों को लोहड़ी और मकर संक्रांति की बधाई दी। कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री, पर्यटन उद्योग के प्रतिनिधि तथा देश-विदेश से वाराणसी पहुंचे पर्यटक और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। श्री मोदी ने कहा कि वर्ष 2014 में सिर्फ पांच राष्ट्रीय जलमार्ग देश में थे। आज 24 राज्यों में 111 राष्ट्रीय जलमार्गों को विकसित करने पर काम हो रहा है। इनमें से लगभग 24 जलमार्गों पर सेवाएं अभी चल रही हैं। आठ वर्ष पहले तक सिर्फ 30 लाख टन कार्गो ही नदी जलमार्गों से परिवजन होता था। आज इसकी क्षमता तीन गुणा से भी अधिक हो चुकी है।

प्रधानमंत्री ने क्रूज पर सफर कर रहे सभी विदेशी पर्यटकों का विशेष रूप से अभिनंदन करते हुए कहा कि आप सभी एक प्राचीन शहर से एक आधुनिक क्रूज़ से सफर करने जा रहे हैं। मैं अपने इन विदेशी पर्यटक साथियों से विशेष तौर पर कहूंगा कि भारत में वह सब कुछ है जिसकी आप कल्पना कर सकते हैं। इसमें आपकी कल्पना से परे भी बहुत कुछ है। उन्होंने कहा कि 3200 किलोमीटर से ज्यादा लंबा यह सफर देश में इनलैंड वॉटर-वे के विकास, नदी जलमार्गों के लिए बन रहे आधुनिक संसाधनों का एक ज्वलंत उदाहरण है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App