राजमाधव की जलेब संग अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव का आगाज, स्वर्गलोक बनी छोटी काशी

By: Feb 20th, 2023 12:04 am

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने की आराध्य देव की पूजा-अर्चना, जलेब में पैदल चले मुख्यमंत्री, सात दिन के लिए स्वर्गलोक बनी छोटी काशी

अमन अग्निहोत्री — मंडी

राजमाधव की पहली शाही जलेब के साथ ही आस्था का महादेव कुंभ अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव का रविवार को आगाज हो गया है। राजदेवता माधोराय की शाही जलेब में प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शिरकत की। वह मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार इस पावन अवसर पर मंडी पहुंचे और जलेब में शामिल होने से पहले राजदेवता माधोराय के मंदिर में पूजा अर्चना की। इसके बाद पूरी जलेब में देवताओं व राजमाधव के पीछे पैदल चले और लोगों से मिलते हुए अभिनंदन भी स्वीकार किया। उसके बाद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंंह सुक्खू ने पड्डल मैदान में झंडा फहराकर सात दिनों चलने वाले अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव का आगाज किया। अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव के लिए छोटी काशी मंडी शहर स्वर्गलोक सा बन गया। शिवरात्रि महोत्सव के लिए अढ़ाई सौ से अधिक देवी-देवता यहां पहुंचे हैं।

प्रशासन द्वारा 216 पंजीकृत देवी-देवताओं को शिवरात्रि महोत्सव के लिए बुलाया गया है, जिसमें पहले दिन तक 175 के करीब देवी-देवता पहुंचे। मेला कमेटी के अध्यक्ष उपायुक्त मंडी अरिंदम ने पड्डल मैदान में मुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह, शाल और हिमाचली टोपी भेंटकर उनका स्वागत किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने शिवरात्रि स्मारिका का भी लोकार्पण किया। उत्तरी भारत में भव्य देव समागम के लिए विख्यात मंडी शिवरात्रि मेले 25 फरवरी तक जारी रहेंगे। मेलों का समापन महामहिम राज्यपाल की ओर से किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने लोगों को महाशिवरात्रि की बधाई देते हुए कहा कि आधुनिकता के इस दौर में भी मंडी महोत्सव के दौरान पारंपरिक परंपराओं का निर्वहन सुनिश्चित किया जाता है। यह हम सबका सामूहिक दायित्व है कि हम देवभूमि की समृद्ध परंपराओं और संस्कृति का संरक्षण करें, ताकि आने वाली पीढिय़ां इस पर गर्व कर सकें। ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य की कमजोर आर्थिक स्थिति के बावजूद प्रदेश के विकास कार्यों में किसी प्रकार की बाधा नहीं आने दी जाएगी। इस अवसर पर पीडब्ल्यूडी कॉन्ट्रेक्टर्स वेल्फेयर एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री सुख आश्रय सहायता कोष के लिए मुख्यमंत्री को 12.31 लाख रुपए का चैक भी भेंट किया। (एचडीएम)

देवसमाज को एक करोड़, आधा बीघा जमीन भी मिलेगी

मुख्यमंत्री सुक्खू ने सर्व देवता सेवा समिति के कार्यक्रम के दौरान शिवरात्रि महोत्सव में आए देव समाज को एक करोड़ देने का ऐलान किया। इसके साथ ही उन्होंने देवी-देवताओं के मंदिरों के आसपास की अलॉटेबल पूल की आधा बीघा भूमि भी मंदिरों के नाम करने की घोषणा की।

जलेब को देखने उमड़े हजारों लोग

जलेब में 27 देवी-देवता व हजारों देवलु शामिल हुए। जलेब को देखने के लिए हजारों लोग भी उमड़े। पूरा शहर लोगों की भीड़ से भरा पड़ा नजर आया। इस बार की जलेब की विशेषता यह रही कि इसमें हिमाचली व मंडयाली संस्कृति का प्रतिनिधित्व करने वाले सांस्कृतिक दलों ने अपने अपने क्षेत्र के परंपरागत पहनावे के साथ झूमते नाचते प्रतिनिधित्व किया, जिसमें बालीचौकी क्षेत्र के दल द्वारा मशहूर फ ागली नृत्य के अलावा मुखौटा नृत्य, महिलाओं की नाटी के साथ-साथ मंडी का नागरीय नृत्य की झलक भी जलेब में देखने को मिली अलावा प्रजापिता ब्रह्मकुमारी संस्था की ओर से शिवरात्रि को लेकर विशेष झांकी और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की झांकी भी जलेब में शामिल की गई।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App