जस्टिस सबीना होंगी हिमाचल हाईकोर्ट की मुख्य न्यायाधीश, सुप्रीम कोर्ट कालेजियम ने पद के लिए बताईं उपयुक्त

By: Feb 9th, 2023 12:08 am

विधि संवाददाता — शिमला

कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश सबीना हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट की मुख्य न्यायाधीश होंगी। सुप्रीम कोर्ट कालेजियम ने न्यायाधीश सबीना को हिमाचल हाई कोर्ट की मुख्य न्यायाधीश बनाए जाने की सिफारिश करते हुए इन्हें इस पद के लिए हर लिहाज से उपयुक्त बताया। हाईकोर्ट के पूर्व मुख्य न्यायाधीश एए सैयद की सेवानिवृत्ति के पश्चात हाई कोर्ट की वरिष्ठतम न्यायाधीश सबीना को कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश बनाया गया था। इन्हें दूसरी बार हाई कोर्ट की कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश बनने का अवसर मिला था। मूल रूप से पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट में नियुक्त न्यायाधीश सबीना की वरिष्ठता को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने न्यायाधीश सबीना को हिमाचल हाई कोर्ट का मुख्य न्यायाधीश बनाए जाने की सिफारिश की है। न्यायाधीश सबीना का जन्म 20 अप्रैल, 1961 को हुआ था।

इन्होंने पंजाब व हरियाणा हाई कोर्ट के समक्ष वकालत शुरू की थी। वर्ष 1986 में इन्हें सर्वसम्मति से पंजाब व हरियाणा हाई कोर्ट बार एसोसिएशन की सह सचिव चुना गया था। 21 जनवरी, 1997 को इन्हें अतिरिक्त जिला न्यायाधीश के तौर पर नियुक्त किया गया था। सितंबर 2004 को इन्हें सत्र न्यायाधीश पदोन्नत किया गया। 12 मार्च, 2008 को इन्हें पंजाब व हरियाणा हाई कोर्ट का न्यायाधीश नियुक्त किया गया था। 11 अप्रैल, 2016 को इन्हें राजस्थान हाई कोर्ट के लिए स्थानांतरित किया गया था। आठ अक्तूबर, 2021 को इन्हें हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट के लिए स्थानांतरित किया गया था। इससे पहले वह कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के तौर पर 25 मई, 2022 से 22 जून, 2022 तक कार्य कर चुकीं हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App