सुप्रीम कोर्ट को मिले दो नए जज, CJI चंद्रचूड़ ने दिलाई शपथ, SC में 34 हुई जजों की कुल संख्या

By: Feb 13th, 2023 12:06 pm

नई दिल्ली। मुख्य न्यायाधीश DY चंद्रचूड़ ने सोमवार को न्यायमूर्ति राजेश बिंदल और न्यायमूर्ति अरविंद कुमार को सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश पद की शपथ दिलाई। इसके साथ ही शीर्ष न्यायालय में स्वीकृत कुल 34 न्यायाधीशों की संख्या पूरी हो गई। न्यायमूर्ति चंद्रचूड़ ने न्यायमूर्ति बिंदल और न्यायमूर्ति कुमार को शीर्ष अदालत परिसर में शपथ दिलाई। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 10 फरवरी को इलाहाबाद उच्च न्यायालय के तत्कालीन मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति राजेश बिंदल और गुजरात उच्च न्यायालय के तत्कालीन मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति अरविंद कुमार को शीर्ष अदालत के न्यायाधीश के पद पर नियुक्ति को मंजूरी दी थी। केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्रालय के न्याय विभाग ने उसी दिन दोनों न्यायाधीशों की नियुक्ति से संबंधित अलग-अलग अधिसूचनाएं जारी की थीं।

CJI डीवाई चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाली कॉलेजियम ने 31 जनवरी 2023 को न्यायमूर्ति बिंदल और न्यायमूर्ति कुमार को शीर्ष अदालत के न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत करने की भी सिफारिश की थी। शीर्ष अदालत में इससे पहले गत 06 फरवरी को पांच न्यायाधीशों ने शपथ ली थी। न्यायमूर्ति चंद्रचूड़ ने न्यायमूर्ति पंकज मित्तल, न्यायमूर्ति संजय करोल, न्यायमूर्ति पी. वी. संजय कुमार, न्यायमूर्ति अहसानुद्दीन अमानुल्लाह और न्यायमूर्ति मनोज मिश्रा को न्यायाधीश के पद की शपथ दिलाई थी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App