24 साल से रेगुलर होने का इंतजार, एनएचएम के 1700 कर्मचारियों ने प्रदेश सरकार से मांगा हक

By: Feb 5th, 2023 12:06 am

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन हिमाचल प्रदेश में पिछले 24 वर्षों से तैनात करीब 1700 कर्मचारियों को अभी तक नियमित नहीं किया गया है। ऐसा इसलिए क्योंकि यह कर्मचारी केंद्र सरकार के तहत आते हैं। केंद्र सरकार द्वारा इनके नियमितीकरण के लिए पॉलिसी नहीं बनाई गई है। ऐसे में कर्मचारी पिछले कई सालों से राज्य सरकार से मांग उठा रहे हैं कि इनके नियमितीकरण के लिए पॉलिसी तैयार की जाए। राज्य स्वास्थ्य समिति संघ एनएचएम के प्रदेश अध्यक्ष सतीश कुमार ने यह मांग उठाई है। दरअसल यह कर्मचारी केंद्र व प्रदेश सरकार की ओर से स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए चलाई जाने वाली विभिन्न योजनाओं का क्रियान्वयन करते हैं और प्रदेश के सभी लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाओं को पहुंचाने का काम करते हैं। हाल ही में इन कर्मचारियों ने प्रदेश सरकार के सभी मंत्रियों से मुलाकात की है। एनएचएम कर्मचारियों ने सरकार से मांग उठाई है कि एनएचएम के तैनात करीब 1700 कर्मचारियों के नियमितीकरण के लिए सरकार आने वाले बजट में घोषणा करे। इन कर्मचारियों का कहना है कि पिछले 24 सालों से ये कर्मचारी अनुबंध पर ही सेवाएं दे रहे हैं। इन कर्मचारियों के नियमितीकरण के लिए कोई प्रावधान नहीं किया गया है।

सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू से मिला आश्वासन

राज्य स्वास्थ्य समिति संघ के प्रदेश अध्यक्ष सतीश कुमार का कहना है कि हाल ही में उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से भी इस बारे में मुलाकात की है। उनका दावा है कि मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही एनएचएम कर्मचारियों के नियमितीकरण के लिए पॉलिसी तैयार की जाएगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App