हिमाचल में बना वर्ल्ड रिकार्ड, नेशनल लॉन्ग ट्रैक आइस स्केटिंग चैंपियनशिप का सफल आयोजन

By: Feb 7th, 2023 12:06 am

किन्नौर की नाको झील में 12 हजार फुट की ऊंचाई पर नेशनल लॉन्ग ट्रैक आइस स्केटिंग चैंपियनशिप का सफल आयोजन

दिव्य हिमाचल ब्यूरो— रिकांगपिओ

किन्नौर की नाको झील में हिमाचल प्रदेश आइस स्केटिंग एसोसिएशन द्वारा आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय लॉन्ग ट्रैक आइस स्केटिंग चैंपियनशिप का समापन नाको गांव के मुख्यातिथि रोशन लामा ने किया। इसी के साथ ही 12 हजार फुट की ऊंचाई पर राष्ट्र स्तरीय लॉन्ग ट्रैक चैंपियनशिप करवाने का विश्व रिकॉर्ड भी बन गया। इस लॉन्ग ट्रैक आइस स्केटिंग चैंपियनशिप में 13 से 15 और 16 से 19 महिला एवं वरिष्ठ महिला, पुरुष कैटेगरी के खिलाडिय़ों ने दमखम दिखाया। हिमाचल आइस स्केटिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष रोशन लाल ने कहा कि दो दिवसीय चैपियनशिप के 13 से 15 महिला कैटेगरी के 500 मीटर रेस में महाराष्ट्र की हिताशी त्रिवेदी ने स्वर्ण पदक, रूही हरियाणा ने रजत तथा महाराष्ट्र की नीरजा ने कांस्य पदक जीता। वहीं 13 से 15 पुरुष वर्ग में महाराष्ट्र के शौनक ने स्वर्ण, हिमाचल के विख्यात ने रजत व महाराष्ट्र के अमोघ ने कांस्य प्राप्त किया। इसी तरह 15 से 19 पुरुष वर्ग में जी देवी आंध प्रदेश ने गोल्ड, उत्तर प्रदेश के प्रिंस गौतम ने रजत व संयम गोयल हरियाणा ने कांस्य पदक जीता।

अंडर-19 से ऊपर की कैटेगरी में कर्नाटक के ओंकार योगराज ने स्वर्ण, यूपी के अनुभव गुप्ता ने रजत एवं मध्य प्रदेश के सुजल ने कांस्य पदक जीता। इसी तरह 300 मीटर ट्रैक रेस के 13 से 15 महिला कैटगरी में हिमाचल की इशिता ने स्वर्ण पदक, तनवी ने रजत व सोनल ने कांस्य पदक जीता। वहीं, पुरुष वर्ग में हिमाचल के यशीश नेगी ने गोल्ड, अनिमेश शर्मा ने रजत व दोंगयत तेंजिन ने कांस्य पदक हासिल किया। 15 से 19 पुरुष वर्ग में हिमाचल के नवांग जांगमो ने स्वर्ण, तेनजिन छोकडूप ने रजत व दिल्ली के मानस सेठी ने कांस्य पदक हासिल किया। वहीं, 19 से ऊपर के महिला कैटेगरी में दीक्षा ने स्वर्ण, शगुन ने रजत व टाशी डोलकर ने कांस्य पदक जीता। वहीं, पुरुष वर्ग में हिमाचल के रजनीश ने गोल्ड, आंध प्रदेश के जोसेफ ने रजत व हिमाचल के सूर्य प्रकाश ने कांस्य पदक हासिल किया। प्रतियोगिता में 15 राज्यों के 70 खिलाडिय़ों ने दमखम दिखाया। मुख्यातिथि ने बताया कि विजेताओं का चयन आगामी स्पर्धाओं के लिए किया जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App