चंबा में सडक़ों पर उतरी भाजपा, जमकर नारेबाजी

By: Mar 11th, 2023 12:55 am

भाजपा सरकार के कार्यकाल में खोले गए कार्यालयों-शिक्षण संस्थानों को बंद करने पर निकाली आक्रोश रैली, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ने घेरी सरकार

दिव्य हिमाचल ब्यूरो- चंबा
जिला भाजपा चंबा की ओर से शुक्रवार को कांग्रेस सरकार के पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में जनहित के मद्देनजर खोले गए कार्यालयों व कालेजों को डि-नोटिफाई करने के विरोध में मुख्यालय में जन आक्रोश रैली निकालकर प्रदर्शन किया। परिधि गृह के गेट से कांग्रेस सरकार विरोधी नारों के बीच आरंभ हुई जन आक्रोश रैली पूरे बाजार की परिक्रमा के उपरांत मुख्य चौक पर आकर समाप्त हुई। जन आक्रोश रैली की अगुवाई पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं सुलह के विधायक विपिन सिंह परमार ने की। इस मौके पर भरमौर के विधायक डा. जनकराज, डलहौजी के विधायक डीएस ठाकुर और सदर के विधायक पवन नैय्यर भी विशेष तौर से मौजूद रहे। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार ने मुख्य चौक पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू सरकारी संस्थानों में तालाबंदी करने वाले मुख्यमंत्री के नाम से जाने जाएंगे।  प्रदेश के वर्तमान हालातों से ऐसा प्रतीत हो रहा है कि यह सरकार ज्यादा समय तक नहीं चलेगी। उन्होंने कहा कि पहली बार ऐसा हुआ है कि सरकार बनने के तीन महीने में ही सरकार के विरुद्ध विपक्ष और लोग सडक़ पर उतरने को मजबूर हो गए हैं।

विपिन सिंह परमार ने कहा कि प्रदेश और केंद्र की डबल इंजन की भाजपा सरकार को लेकर जो कांग्रेसी नेता तथ्यहीन बात करते थे आज उनकी वर्तमान सरकार र्का इंजन तीन माह में ही हांफ गया है। चुनावों में बड़े-बड़े वायदे करके सत्तासीन होने के बाद कांग्रेस इन्हें भूल गई है। कांग्रेस ने चुनाव से पहले प्रदेश की प्रत्येक महिला को 1500-1500 रुपए देने का वायदा किया था, संख्या में भारी कटौती कर दी गई है। तीन सौ यूनिट निशुल्क बिजली देने की बजाय बिजली दरों में बढ़ौतरी करने पर विचार किया जा रहा है। 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को गलत नीयत व नीतियों का खामियाजा भुगतना पडेगा। विधायक डा. जनकराज व डलहौजी के विधायक डीएस ठाकुर ने भी कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष जसबीर नागपाल, प्रदेश सचिव जय सिंह, जिला उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा, नगर परिषद अध्यक्ष नीलम नैय्यर व उपाध्यक्ष सीमा कश्यप सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App