लंदन में हिमाचली बेटे की धमक

By: Mar 11th, 2023 12:04 am

हमीरपुर के विकास ठाकुर ने एशियाई एंड ओरिएंटल शेफ अवार्ड में जीता शीर्ष पुरस्कार

सुरेंद्र ठाकुर— हमीरपुर
हमीरपुर के विकास सोनी ने लंदन में हिमाचल का नाम रोशन किया है। एशियाई एंड ओरिएंटल शेफ अवार्ड में उन्होंने शीर्ष पुरस्कार प्राप्त किया है। बेहतर व्यंजन प्रस्तुत करने पर उन्हें नवाजा गया है। उनकी इस उपलब्धि से उनके माता-पिता भी खासे उत्साहित हैं। विकास सोनी कई सालों से लंदन में ही रह रहे हैं। लंदन में पहली मार्च को हाउस ऑफ लॉड्र्स में एशियाई एंड ओरिएंटल शेफ अवाड्र्स का आयोजन किया गया। इस समारोह में विकास सोनी को उनके बेहतर व्यंजन प्रस्तुत करने के लिए पुरस्कृत किया गया। समारोह की मेजबानी लॉर्ड कमल ने की थी। सभी एशियाई और ओरिएंटल व्यंजनों में पेशेवर शेफ के लिए यह प्रतियोगिता करवाई गई थी। इलिंग में बेस्ट लंदन विश्वविद्यालय में पिलर किचन प्रशिक्षण और मेन कोर्स तैयार करने की आवश्यकता के चलते यह प्रतियोगिता करवाई गई।

स्पर्धा में विभिन्न फेमस शेफ ने अपने-अपने व्यंजनों को प्रस्तुत किया। उन्होंने इस दौरान थ्री वेज ऑफ सीफूड ज्वेल्स स्टार्टर ऑफ ओरिएंटल चिल्ली टाइगर झींगे, अजवाइन के साथ बैटर्ड फिश, कैपर के साथ लॉबस्टर केक, रोजमेरी और बैंग साल्सा, चुकंदर कुली और हर्बल झाग की प्रस्तुति दी। इसके साथ ही कई अन्य तरह के व्यंजन भी परोसे गए। इनमें खरगोश कबाब कीमा, धनिया, लाल मिर्च, बेबी पालक और लबाबदार जूस के साथ भरवां तंदूरी मैरिनेटेड रैबिट कीमा मैटर पार्सल, ग्रिल्ड कॉर्न, छोटे प्याज, बेबी गाजर और हर्बल सॉस को परोसा गया। विकास सोनी नगर परिषद हमीरपुर के वार्ड नंबर आठ के निवासी हैं। उनके पिता अशोक कुमार सोनी तथा माता सुषमा सोनी ने बताया कि विकास बचपन से ही होशियार रहा है। वह कुछ सालों से परिवार सहित लंदन में ही रह रहा है, वह वहां पर प्रसिद्ध होटल में सेवारत है। एशियाई एंड ओरिएंटल शेफ अवार्ड प्रतियोगिता में उसने अपने व्यंजन प्रस्तुत कर शीर्ष अवार्ड हासिल किया है। प्रतियोगिता में शेफ को उनके बेहतर व्यंजनों के लिए अंक प्रदान किए गए थे। अंकों के आधार पर विकास सोनी को शीर्ष अवार्ड के लिए चयनित किया गया। विनोद सोनी को बेहतर व्यंजन प्रस्तुत करने के लिए बीबीसी की तरफ से सामंथा सिममंडस ने हाउस ऑफ लॉड्र्स में आयोजित समारोह में पुरस्कृत किया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App