पुलिस प्राइड अवार्ड : अरनी विश्वविद्यालय के प्रायोजित कार्यक्रम में 82 को दिया पुलिस प्राइड अवार्ड

By: Mar 28th, 2023 12:06 am

टीम — डमटाल, इंदौरा

राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने अरनी विश्वविद्यालय द्वारा प्रायोजित पुलिस प्राइड अवॉर्ड के तहत 15 कैटेगरी में पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। इसमें संपूर्ण राज्य के पुलिस अधिकारियों ने शिरकत की। यह कार्यक्रम शिमला में आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्यातिथि राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल रहे। यह कार्यक्रम हिमाचल के डीजीपी संजय कुंडू की अध्यक्षता में करवाया गया। कार्यक्रम में 82 पुलिस कर्मचारियों और अधिकारियों को स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र दिए गए। इसमें मुख्य कैटेगरी, बेस्ट इन्वेस्टिगेशन, चुनौतीपूर्ण केस को सॉल्व करने वाले, श्रेष्ठ पुलिस अधिकारी, बेस्ट वूमन कॉप, ड्रग्स व क्राइम ग्राफ कम करने में भूमिका, बेस्ट परफार्मेंस रोड सेफ्टी, पुलिस बेस्ट ट्रेनर, एक साल में मोस्ट केस सॉल्व करना व आपातकाल में बेस्ट ड्यूटी इत्यादि रही। राज्यपाल ने अरनी विश्वविद्यालय द्वारा प्रायोजित पुलिस प्राइड अवार्ड कार्यक्रम की तारीफ करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम पुलिस कर्मचारियों को सम्मानित करने के लिए एक अच्छा कदम है। इससे पुलिस के जवानों का हौसला और ज्यादा बढ़ेगा।

कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि पुलिस को नशे के खिलाफ अभियान चलाना चाहिए, ताकि युवा पीढ़ी इससे दूर रह सके। इसके लिए मैं भी इस अभियान का हिस्सा बनूंगा। चांसलर विवेक सिंह ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम करवाना अरनी विश्वविद्यालय के लिए बड़े गर्व की बात है। पुलिस कर्मी सदैव अपनी सेवा के लिए तत्पर रहते हैं। जिन पुलिस कर्मियों ने प्रदेश की सेवा में बेहतर योगदान दिया है, उन्हें सम्मानित किया गया और भविष्य में भी समान्नित किया जाएगा। कार्यक्रम में अर्नी विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रस्तुतियां पेश कीं, जिनकी अतिथियों व अधिकारियों ने प्रशंसा की।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App