महिला प्रीमियर लीग: मंधाना-हरमनप्रीत में टक्कर आज, डा. डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स एकेडमी में खेला जाएगा मुकाबला

मुंबई – महिला प्रीमियर लीग 2023 में मंगलवार को दो मुकाबले खेले जाएंगे। इसमें दिन के पहले मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बंगलुरु की भिड़ंत मुंबई इंडियंस से होगी। बता दें कि इस मुकाबले में दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला मुंबई के डा. डीवाई पाटिल स्पोट्र्स एकेडमी में खेला जाएगा। एक तरफ आरसीबी की कमान स्मृति मंधाना के हाथों में होगी, तो दूसरी तरफ मुंबई इंडियंस को हरमनप्रीत कौर संभालती हुई नजर आएंगी। मुकाबला दोपहर बाद 3:30 बजे से शुरू होगा।
आज एलिसा हीली-मेग लैनिंग में जंग
मुंबई। वूमंस प्रीमियर लीग 2023 के 20वें मुकाबले में मंगलवार को यूपी वारियर्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच भिड़ंत होगी। डब्ल्यूपीएल 2023 में मुंबई इंडियंस के बाद दिल्ली की टीम सबसे मजबूत नजर आ रही है। मेग लैनिंग की कप्तानी में टीम ने अब तक चार मैच जीते हैं। यूपी टीम अब तक खेले सात में से चार मुकाबले जीते और तीन हारे हैं। प्ले-ऑफ में पहुंच चुकी यूपी ने पिछले मैच में गुजरात को हराया है। इस परिणाम से टीम को मनोवैज्ञानिक लाभ जरूर मिलेगा। कप्तान एलिसा हीली के अलावा ताहलिया मैकग्राथ और सोफी एक्लेस्टोन अच्छी लय में हैं। दिल्ली की टीम काफी संतुलित नजर आ रही है और उसके प्रदर्शन से ऐसा प्रतीत भी हो रहा है। बल्लेबाजी टीम की बड़ी ताकत है, लेकिन लैनिंग और शफाली वर्मा के अलावा शेष को भी अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। गेंदबाजी में शिखा पांडे (8 विकेट) का प्रदर्शन सबसे अच्छा रहा है।