बस्सियां कोठी के विकास को 20 लाख, संजीव अरोड़ा ने किया ऐलान, सैलानियों के लिए बनेगा आकर्षण का केंद्र

By: Apr 20th, 2023 12:06 am

राज्यसभा सदस्य संजीव अरोड़ा ने किया ऐलान, सैलानियों के लिए बनेगा आकर्षण का केंद्र

दिव्य हिमाचल ब्यूरो—चंडीगढ़

विश्व विरासत दिवस के मौके पर बीती शाम जि़ला प्रशासन, लुधियाना और महाराजा दलीप सिंह मेमोरियल ट्रस्ट रायकोट बस्सियां (लुधियाना) की तरफ से सांझे तौर पर बस्सियां में करवाए समागम की अध्यक्षता करते हुए पंजाब के पर्यटन और सांस्कृतिक मामले संबंधी मंत्री अनमोल गगन मान ने कहा है कि 200 साल पुरानी इस अनमोल विरासती इमारत और इसके कैंपस को राज्य सरकार सैलानियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनाएगी। उन्होंने कहा कि इस जगह पर सिख राज के आखिरी महाराजा दलीप सिंह की तरफ से आखिरी रात बिताने के कारण इस जगह का पंजाब के लिए ऐतिहासिक महत्व बहुत ज़्यादा है। उन्होंने कहा कि बस्सियां कोठी के विकास के लिए जि़ला प्रशासन की तरफ से दिए अनुमान मुताबिक सब कार्य पूरे किए जाएंगे। पंजाब में पर्यटन विकास के लिए जल स्त्रोतों, धार्मिक यात्रा, कला महत्व वाले स्थानों संबंधी योजना बनाई जा रही है। इस मौके पर उन्होंने पंजाब से राज्य सभा सदस्य संजीव अरोड़ा का बस्सियां कोठी के विकास कामों के लिए 20 लाख रुपए देने संबंधी किए ऐलान के लिए धन्यवाद किया। पंजाब से राज्य सभा सदस्य संजीव अरोड़ा ने इस मौके पर बोलते हुए कहा कि लुधियाना में लालन-पोषण होने के बावजूद मैं इस स्थान के महत्व से वाकिफ नहीं था परंतु आज के बाद मैं पूरे हक के साथ देश के लोगों को इस स्थान के दर्शनों के लिए लेकर आऊंगा। अरोड़ा ने इस मौके पर जि़ला प्रशासन को इस स्थान के विकास के लिए 20 लाख रुपए जारी करने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि इस जगह के विकास के लिए भविष्य में और साधन भी उपलब्ध करवाए जाएंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App