754 और भारतीयों की वतन वापसी

By: Apr 29th, 2023 12:02 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — नई दिल्ली

हिंसाग्रस्त सूडान से भारतीयों को निकालने के अभियान ‘आपरेशन कावेरी’ के तहत शुक्रवार को 754 नागरिकों को स्वदेश लाया गया। वायुसेना के सी-17 विमान से 392 नागरिकों को नई दिल्ली लाया गया, जबकि 362 भारतीय नागरिकों का एक और जत्था बंगलूरु पहुंचा। इस अभियान के तहत निकाले गए भारतीय नागरिकों को सूडान से सऊदी अरब के शहर जेद्दा और फिर वहां से भारत लाया जा रहा है। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने शुक्रवार को ट्वीट कर बताया कि एक और सी-17 विमान से 392 यात्री नई दिल्ली पहुंचे। एक अन्य ट्वीट में उन्होंने कहा कि आपरेशन कावेरी के तहत बंगलूरु पहुंचे 362 भारतीयों का देश में स्वागत है। आपरेशन कावेरी के तहत बुधवार को एक वाणिज्यिक विमान से 360 नागरिकों को नयी दिल्ली लाया गया था। वहीं, दूसरे जत्थे में अगले ही दिन सी-17 ग्लोबमास्टर से 246 नागरिकों को मुंबई लाया गया था। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, अब तक कुल 1,360 भारतीयों को स्वदेश लाया जा चुका है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App