‘मन की बात’ के 100वें ऐपिसोड के जश्न की तैयारी, चंडीगढ़ भाजपा कार्यक्रम को देगी ऐतिहासिक रूप, 250 स्थानों में सीधा प्रसारण

By: Apr 29th, 2023 12:06 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — चंडीगढ़

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम मन की बात के 100वें एपिसोड का प्रसारण रविवार 30 अप्रैल को होगा। इस अवसर को ऐतिहासिक रूप देने के लिए भाजपा ही नहीं बल्कि अन्य संस्थाओं ने भी कोई कोर कसर नहीं छोड़ी है। चंडीगढ़ में भी भाजपा द्वारा ऐतिहासिक रूप दिया जाएगा, पार्टी द्वारा शहर के सभी शक्ति केंद्रों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे तथा लगभग 250 सार्वजनिक जगहों पर इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण होगा, जिनमें पंजाब राज भवन, हरियाणा राज भवन, बुड़ैल सेंट्रल जेल, रॉक गार्डन, अलांते माल, सुखना लेक आदि प्रमुख हैं। इसके अलावा हजारों लाखों की संख्या में लोग घरों से प्रधानमंत्री के मन की बात सुनेंगे । उक्त जानकारी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद ने शुक्रवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय कमलम में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान दी।

प्रेस वार्ता में उनके साथ प्रदेश महामंत्री व कार्यक्रम संयोजक रामवीर भट्टी, प्रदेश प्रवक्ता कैलाश चंद जैन, कार्यक्रम सह संयोजक मनीष कुमार भी उपस्थित थे। इस अवसर पर अरुण सूद ने कहा कि पूरी दुनिया में यह पहला उदाहरण है, जहां किसी देश के राष्ट्रीय अध्यक्ष हर महीने लोगों से सीधा संवाद करते हैं। पूरी दुनिया मे ऐसा कोई द्वितीय उदाहरण नहीं मिलता। प्रधानमंत्री के मन की बात से लोगों में उत्साह बढ़ता है तथा राष्ट्रभक्ति की भावना आती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम एक जन आंदोलन है। इस माध्यम से वे देश के लोगों के साथ महत्वपूर्ण बिंदुओं पर बात करते हैं।

खास मौके पर 100 रुपए का सिक्का जारी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ को देश के 100 करोड़ नागरिकों ने कम से कम एक बार सुना है। वहीं, 23 करोड़ लोग इस कार्यक्रम के नियमित श्रोता हैं। इस खास उपलब्धि पर सरकार की ओर से 100 रुपए का सिक्का जारी किया जाएगा। इस सिक्के पर माइक्रोफोन के साथ मन की बात 100 लिखा होगा और यह चार धातुओं से बना होगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App