15.5 लाख की जाली करंसी बरामद, पुलिस ने नकली नोट बनाने वाले गिरोह का किया पर्दाफाश, चार गिरफ्तार

By: Apr 20th, 2023 12:06 am

खन्ना पुलिस ने नकली नोट बनाने वाले गिरोह का किया पर्दाफाश, चार आरोपी गिरफ्तार

ओंमकार सिंह सत्तू—खन्ना

खन्ना पुलिस ने राजस्थान में बैठकर जाली करंसी तैयार करने वाले गिरोह के दो सदस्यों और इसे पंजाब में सप्लाई करने वाले दो लोगों समेत चार को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 15 लाख पांच हजार रुपए की जाली करंसी बरामद की गई है। करंसी छापने के लिए प्रयोग किया जाने वाला प्रिंटर, लैपटाप व कागज भी पुलिस के हाथ लगे। खन्ना की एसएसपी अमनीत कौंडल ने बताया कि विशेष मुखबिर की सूचना पर डा. प्रज्ञा जैन एसपी खन्ना इंस्पेक्टर अमनदीप सिंह प्रभारी सीआईए स्टाफ खन्ना, इंस्पेक्टर हरदीप सिंह एसएचओ सदर थाना खन्ना के नेतृत्व में 13 अप्रैल को सदर थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान पुलिस जिला खन्ना के समराला इलाके के रहने वाले दो लोगों कमलजीत सिंह व हनी भारद्वाज को 67,500 रुपए की जाली करंसी समेत गिरफ्तार किया था। इन दोनों की पूछताछ में खुलासा हुआ कि राजस्थान के बीकानेर जिले के रहने वाले मनोज कुमार उर्फ विजय और मदन लाल मास्टरमाइंड हैं, जो जाली करंसी तैयार करके उन्हें सप्लाई करने के लिए देते हैं। पुलिस ने इन दोनों के गिरफ्तारी वारंट हासिल करके अजमेर से मनोज व उसके साथी मदन लाल को गिरफ्तार कर 14 लाख 20 हजार रुपए की जाली करंसी बरामद की।
जाली करंसी तैयार करने के लिए प्रयोग किया जाने वाला लैपटाप, प्रिंटर व कागज भी पुलिस ने बरामद किया। एसएसपी ने बताया कि समराला के दोनों नौजवानों का संपर्क राजस्थान में बैठे मास्टरमाइंड लोगों से सोशल मीडिया के माध्यम से हुआ था। इन लोगों ने लालच देकर समराला के नौजवानों को अपने संपर्क में लिया और जाली करंसी सप्लाई करने के लिए इन्हें प्रयोग किया जाने लगा। इस गिरोह के कुछ अन्य लोग भी पुलिस की राडार पर हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App