GST ने भरा खजाना, मार्च में आएं 1.60 लाख करोड़

By: Apr 1st, 2023 5:23 pm

नई दिल्ली। माल एवं सेवा कर (जीएसटी) राजस्व संग्रह इस वर्ष मार्च में 160122 करोड़ रहा जो पिछले वर्ष मार्च के 142095 करोड़ रुपए की तुलना में 13 प्रतिशत अधिक है। वित्त मंत्रालय ने आज यहां जीएसटी राजस्व संग्रह का आंकड़ा जारी किया, जिसमें मार्च में संग्रहित राजस्व वित्त वर्ष 2023 में अप्रैल महीने में संग्रहित 167540 करोड़ रुपए के बाद अब तक दूसरा सबसे बड़ा मासिक संग्रह है।

कल समाप्त वित्त वर्ष में कुल जीएसटी राजस्व संग्रह 18.10 लाख करोड़ रुपए रहा है और औसत मासिक संग्रह 1.51 लाख करोड़ रुपये रहा है। वित्त वर्ष 2023 में संग्रहित कुल जीएसटी राजस्व वित्त वर्ष 2022 में संग्रहित राजस्व की तुलना में 22 प्रतिशत अधिक है। इस वर्ष मार्च में संग्रहित राजस्व में सीजीएसटी 29546 करोड़ रुपये, एसजीएसटी 37314 करोड़ रुपए, आईजीएसटी 82907 करोड़ रुपये रहा जिसमें आयात पर संग्रहित कर 42503 करोड़ रुपए शामिल है। उपकर संग्रह 10355 करोड़ रुपए रहा, जिसमें आयात पर संग्रहित कर 960 करोड़ रुपए शामिल है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App