मोदी के नाम नहीं, काम पर मिलेंगे वोट

By: Apr 29th, 2023 12:01 am

कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला-सीएम सुक्खू का प्रहार, विकास में फेल रही ट्रिपल इंजन की सरकार

विशेष संवाददाता — शिमला

कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला ने कहा है कि निगम के चुनाव में भाजपा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर वोट मांग रही है। शहर में नरेंद्र मोदी के पोस्टर लगाए गए हैं, जबकि भाजपा को अपने पांच साल के आधार पर वोट मांगने चाहिए। उन्होंने कहा कि पीएम के नाम पर नहीं, बल्कि निगम में किए गए काम के आधार पर लोग मतदान करेंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र से लेकर शिमला नगर निगम तक बीते पांच साल में भाजपा का ही शासन था, लेकिन यहां विकास बिलकुल नहीं हो पाया। भाजपा की ट्रिपल इंजन की सरकार पूरी तरह से फेल रही है। राजीव शुक्ला पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस मौके पर उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी के नाम पर शिमला को मिले बजट का दुरुपयोग हुआ है। शहर में कंकरीट और लोहा लाद दिया गया है। इससे शिमला की खूबसूरती को बड़ा ग्रहण लगा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्मार्ट सिटी के प्रोजक्ट में आबंटित बजट के दुरुपयोग की जांच पर भी विचार कर रही है। उन्होंने कहा कि शिमला को अंतरराष्ट्रीय शहर बनाने का ख्वाब कांग्रेस ने देखा है और निगम में सत्ता पर काबिज होने के बाद इसे लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिमला नगर निगम के चुनाव में कांग्रेस दो-तिहाई के बहुमत से काबिज होने जा रही है। निगम में मेयर और डिप्टी मेयर दोनों ही कांग्रेस के होंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शिमला शहर की गरिमा को वापस लाने का काम करेगी।

सरकारी कर्मियों को दिया डीए

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार ने कर्मचारियों के लिए डीए का ऐलान किया है। कर्मचारियों को बड़ी राहत राज्य सरकार इस कदम से देने जा रही है। शिमला शहर को तारों के जंजाल से छुटकारा दिलाने का फैसला किया है, ताकि शहर की खूबसूरती को और अधिक बढ़ाया जा सके। उन्होंने कहा कि शहर के लोग एटिक में रह रहे थे, लेकिन इसकी ऊंचाई को लेकर कोई कानून नहीं बन पाया था। राज्य सरकार ने एटिक को मान्यता देने का फैसला किया है। इससे बड़ी राहत शिमला शहर के लोगों को मिलने वाली है।

1516 करोड़ का रोप-वे प्रोजेक्ट

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्रिहोत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिमला में 1516 करोड़ रुपए की रोप-वे योजना को लांच करने जा रही है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने इस प्रोजेक्ट को अपना बताया है, लेकिन भाजपा के कार्यकाल में इस प्रोजेक्ट के लिए कोई भी प्रयास नहीं हो पाए। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्रिहोत्री ने कहा कि शिमला शहर में इलेक्ट्रिक बसें चलेंगी। इसके साथ ही 2025 तक राज्य सरकार शहर वासियों को 24 घंटे शुद्ध पेयजल मुहैया करवाएगी। उन्होंने कहा कि इसके लिए प्रयास शुरू कर दिए गए हैं।

40 हजार लीटर मुफ्त पानी देने का वादा कोरा झूठ

शिमला — मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शिमला में चुनाव प्रचार की कमान संभाल ली है। शुक्रवार को दूसरे दिन उन्होंने शहर में धुआंधार प्रचार किया और कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने शहर के आठ वार्डों में नुक्कड़ सभाएं कर कांग्रेस उम्मीदवारों को जिताने की अपील की। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने चुनाव प्रचार की शुरूआत वार्ड नंबर आठ बालूगंज से की, उन्होंने यहां कांग्रेस उम्मीदवार के लिए वोट मांगे। उन्होंने कहा कि भाजपा का शिमला शहर में 40 हजार लीटर मुफ्त पेयजल आपूर्ति का वादा कोरा झूठ है। जब ट्रिपल इंजन की सरकार रही तब शिमला शहर के लिए कुछनहीं किया, अब कांग्रेस के सत्ता में आने पर शहर की जनता को झूठे सब्जबाग दिखा रहे हैं।

भाजपा को इनचुनावों में घोषणा पत्र के बजाय बीते पांच साल के कार्यकाल का रिपोर्ट पत्र जारी करना चाहिए था। जब अपनी सरकार में भाजपा लोगों को पानी मुहैया नहीं करा सकी, अब क्या कराएगी। वहीं, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा है कि शिमला शहर को आधुनिक और सुव्यवस्थित बनाया जाएगा। उन्होंने कहा है कि शिमला पहाड़ों की रानी का अंतरराष्ट्रीय वैभव फिर से बनाने की दिशा में कार्य किया जाएगा। प्रतिभा सिंह ने कहा कि नगर निगम चुनाव में भाजपा का घोषणापत्र लोगों को गुमराह करने के लिए एक प्रयास मात्र है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पूर्व में भाजपा की सरकार थी, नगर निगम उन्हीं का था। शिमला में न तो लोगों की समस्या को हल करने का कोई प्रयास किया गया और न ही सुविधाओं में कोई विस्तार हुआ।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App