पंजाब में नहीं बिगडऩे देंगे माहौल, कंग बोले, राज्य में पहली बार बिना किसी हिंसा बड़ा आपरेशन सफल

By: Apr 24th, 2023 12:07 am

मलविंदर सिंह कंग बोले, राज्य में पहली बार बिना किसी हिंसा बड़ा आपरेशन सफल

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — चंडीगढ़

अमृतपाल सिंह की गिरफ्तारी पर आम आदमी पार्टी पंजाब के मुख्य प्रवक्ता मलविंदर सिंह कंग ने कहा कि पहले की सरकारों में जितने भी पुलिस के बड़े आपरेशन हुए उसमें भारी खून खराबा और हिंसा होती थी एवं कई बेगुनाह लोग कार्रवाई के शिकार हो जाते थे। पंजाब के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है कि इतना बड़ा आपरेशन बिना किसी खून खराबा और हिंसा के सफल हुआ है। रविवार को पार्टी मुख्यालय में प्रेस कान्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कंग ने पिछली सरकारों के दौरान पुलिस ऑपरेशन में हुई हिंसा के कई उदाहरण पेश किए। उन्होंने 1978 में अमृतसर में हुए पुलिस आपरेशन का जिक्र किया जब प्रकाश सिंह बादल पहली बार मुख्यमंत्री बने थे और कहा कि इस आपरेशन में कई बेगुनाह नौजवानों की जान चली गई थी। अगर उस समय सरकार अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए काम करती तो उन नौजवानों की जान बच सकती थी।

उन्होंने प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी द्वारा की गई केंद्रीय पुलिस कार्रवाई का भी जिक्र किया और कहा कि कांग्रेस ने उस समय भारी पैमाने पर पंजाब में हिंसा और खून खराबा को अंजाम दिया। इसी तरह 1986 में नकोदर कांड हुआ था। उसमें भी भारी खून खराबा और हिंसा हुई थी। 2009 में लुधियाना और जालंधर में भी पुलिस कार्रवाई में भारी खून खराबा हुआ और कई बेगुनाह लोग मारे गए। फिर 2012 में बलवंत सिंह राजोआना की फांसी के खिलाफ हुए प्रदर्शन में भी भारी पैमाने पर हिंसा हुई, लेकिन जब से पंजाब में मान सरकार आई है, तब से पंजाब पुलिस की कार्रवाई में एक भी बेगुनाह लोगों को टारगेट नहीं किया गया। चाहे पटियाला में माहौल खराब करने की घटना हो या अजनाला की घटना हो। पंजाब पुलिस ने बिना आम लोगों और बेगुनाहों को नुकसान पहुंचाए बिना इस कार्रवाई को अंजाम दिया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App