खरड़ शहर के विकास को 45.36 करोड़, पर्यटन मंत्री ने कहा, लोगों के जीवन को ऊपर उठाने का प्रयास कर रही सरकार

By: May 26th, 2023 12:06 am

मोहाली—नीलम ठाकुर

पंजाब पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामले, श्रम, सत्कार एवं निवेश प्रोत्साहन मंत्री अनमोल गगन मान के प्रयासों से पंजाब सरकार ने खरड़ शहर के विकास के लिए 45.36 करोड़ रुपए स्वीकृत किए हैं। इस संबंध में स्थानीय निकाय विभाग ने आवश्यक स्वीकृति भी जारी कर दी है। इस संबंध में और जानकारी देते हुए कैबिनेट मंत्री अमन गगन मान ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार राज्य के विकास, लोगों को पारदर्शी प्रशासन मुहैया कराने और उनके जीवन स्तर को ऊपर उठाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि खरड़ शहर के विकास के लिए पंजाब सरकार द्वारा 45.36 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने कहा कि शहर के विकास को लेकर खरड़ शहर के लोगों की पुरानी मांग लंबे समय से अधर में लटकी हुई थी, जिसे पंजाब सरकार ने प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि इस स्वीकृत राशि में खरड़ शहर के विभिन्न वार्डों के विकास के 284 कार्य शामिल हैं।

इन कार्यों में मुख्य रूप से पाइप, सडक़ों एवं गलियों की आवश्यक मरम्मत एवं नई इंटरलॉकिंग टाइलें लगाना एवं पार्कों का विकास, पार्कों में झूलों की स्थापना एवं शौचालयों का निर्माण आदि शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि यहां के निवासियों को हर संभव मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार राज्य के शहरों की सूरत बदलने के लिए पूरी तरह वचनबद्ध हैइन कार्यों को करने के लिए न तो जुनून की कमी है और न ही धन की कमी। इस अवसर पर गगन मान ने खरड़ शहर के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांगों को स्वीकार करने और खरड़ शहर के विकास के लिए 45.36 करोड़ स्वीकृत करने के लिए सीएम भगवंत मान और स्थानीय निकाय मंत्री डा. इंदरबीर सिंह निझार का धन्यवाद किया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App