मुख्यमंत्री इसलिए कहते हैं… मैं कांगड़ा का हूं

By: May 26th, 2023 10:16 pm

90 साल पहले नादौन शिफ्ट हुआ था परिवार, हरिपुर पहुंचे सीएम के पैतृक गांव बैह धौंटा के लोग

बाबू राम — भटेहड़ बासा

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के पुश्तैनी गांव बैह धौंटा के निवासी बड़ी संख्या में शुक्रवार को उनकी देहरा विधानसभा क्षेत्र के हरिपुर रैली में उत्साह के साथ शामिल हुए। बैह धौंटा देहरा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आता है और गांव के निवासी विशेष रूप से मुख्यमंत्री से मिलने के लिए पहुंचे थे। बैह धौंटा निवासी जगदीश चौहान ने बताया कि सुखविंदर सिंह सुक्खू रिश्ते में उनके भाई लगते हैं और उनके दादा तक की पीढ़ी इसी गांव में रहती थी। लगभग 90 साल पहले सुक्खू का परिवार बैह धौंटा गांव से शिफ्ट होकर नादौन के भवड़ां चला गया था। ग्राम पंचायत बैह के प्रधान गंधर्व सिंह ने बताया कि आज भी सुखविंदर सिंह सुक्खू के परिजन सामाजिक कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए बैह धौंटा आते हैं। धौंटा पचायत के प्रधान होशियार सिंह ने बताया कि वह 26 मई को धर्मशाला में मुख्यमंत्री से भेंट कर चुके हैं। इस दौरान सुखविंदर सिंह सुक्खू के परिवार के कई सदस्य भी साथ रहे उन्होंने कहा कि वे जल्द ही दोबारा मुख्यमंत्री से मिलकर उन्हें उनके पुश्तैनी गांव बैह धौंटा आने का निमंत्रण देंगे और यहां उनका अभिनंदन करेंगे। (एचडीएम)

देहरा के पुत्र और जसवां के दामाद हैं सुखविंदर सुक्खू

कांग्रेस देहरा जिला के पूर्व अध्यक्ष नरदेव कंवर ने बताया कि ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू देहरा के पुत्र हैं और जसवां परागपुर के दामाद हैं। उन्होंने कांगड़ा जिला को टूरिज़्म कैपिटल के रूप में विकसित करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि आने वाले समय में जिला के विकास के लिए वह बड़ी-बड़ी परियोजनाएं आरम्भ करेगी। उधर, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू भी कई अवसरों पर कहते हैं कि कांगड़ा उनका घर है और कांगड़ा के विकास में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App