बायरी में अमूल्य योगदान के लिए 11 विभूतियां सम्मानित

By: Jun 30th, 2023 12:55 am

सिरमौर कला संगम ने धूमधाम से मनाया 64वां महा अलंकरण दिवस, प्रकाश भारतीय सिमरन ने भजन गजलों से समां बांधा, बाल कलाकार भाविक राजा ने भजनों से लूटी वाहवाही
अमित अग्रवाल – श्रीरेणुकाजी
हिमाचल प्रदेश सिरमौर कला संगम ने अपने 64वें राष्ट्रीय स्तरीय महाअलंकरण समारोह के अवसर पर देश भर से चुने गए 11 लोगों को समाज सेवा, साहित्य में अमूल्य योगदान, संस्कृति, पत्रकारिता व संगीत जैसी विधाओं में अतुलनीय योगदान के लिए ददाहू के निकट बायरी में सम्मानित किया गया। संगम के कार्यकारी अध्यक्ष आचार्य ओम प्रकाश राही व महासचिव दिनेश ताश ने बताया कि 28 जून को यह राष्ट्रीय स्तरीय महाअलंकरण समारोह वशिष्ठ आश्रम बायरी में धूमधाम से मनाया गया। इस महाअलंकरण समारोह में डा. देवप्रिया संकाय अध्यक्ष पतंजलि विश्वविद्यालय हरिद्वार ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। महा-महोपाध्याय डा. मनोहर लाल आर्य प्रोफेसर एवं अध्यक्ष संस्कृति विभाग पतंजलि विश्वविद्यालय हरिद्वार ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इसके अलावा हिमवंती मीडिया के एमडी अरविंद गोयल विशेष अतिथि उपस्थित रहे। मुख्यातिथि डा. देवप्रिया द्वारा कार्यक्रम की शुरुआत की गई। कई पुस्तकों का विमोचन भी किया गया। समारोह में प्रकाश भारतीय सिमरन ने भजन गजलों से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।

वहीं बाल कलाकार मास्टर भाविक राजा ने कार्यक्रम में कई भजन प्रस्तुत किए। इस वर्ष साहित्य, समाज सेवा व संगीत के लिए 11 लोगों को सम्मानित किया गया। इस दौरान सुगम संगीत पर आधारित गीत गजल के विशेष कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। आचार्य डा. ओम प्रकाश राही ने बताया कि सिरमौर कला संगम प्रतिवर्ष 1958 से स्थापित संगम द्वारा देश-प्रदेश की विभिन्न विभूतियों को उनके समाज को दिए गए विभिन्न उल्लेखनीय योगदान के लिए महाराजा राजेंद्र प्रकाश, डा. यशवंत सिंह परमार व आचार्य वशिष्ठ पुरस्कार से सम्मानित करता आ रहा है। उन्होंने बताया कि संगम द्वारा समाज सेवा व साहित्य संस्कृति क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले लोगों को संगम हर वर्ष सम्मानित और अलंकृत करता है। उन्होंने बताया कि संगम द्वारा क्षेत्र में अब तक 111 से अधिक विभूतियों को सम्मानित किया जा चुका है। ददाहू पंचायत के प्रधान पंकज गर्ग, शकुंतला देवी, रविंद्र गोयल, महिला मंडल प्रधान नीलम अग्रवाल, राजेंद्र ठाकुर, दिनेश ताश, इंद्र प्रकाश गोयल, अंगिता ताश, अशोक अग्रवाल व सत्यदेव सैणी व अन्य मौजूद रहे।

उत्कृष्ट सेवाओं के लिए इन विभूतियों को मिले पुरस्कार
आचार्य डा. ओम प्रकाश राही ने बताया कि समारोह में डा. गंगा राम राजी, बलदेव राज भारतीय, प्रभात कुमार, शकुंतला चौहान, डा. शरद चंद्र त्रिवेदी, सरिता गर्ग, दक्षा शर्मा, विशारद सिंह, प्रताप पराशर, बाल कलाकार भाविक राजा व पत्रकार अमित अग्रवाल को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए विभिन्न पुरस्कारों से नवाजा गया। समाज सेवा, साहित्य में अमूल्य योगदान, संस्कृति, पत्रकारिता व संगीत जैसी विधाओं में अतुलनीय योगदान दिया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App