सेवाविस्तार न मिलने से प्रदेश भर के अवार्डी टीचर नाराज, सरकार के कुछ बदलाव करने के बयान से खफा

By: Jun 4th, 2023 9:51 pm

स्टाफ रिपोर्टर — शिमला

राज्य तथा राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित अध्यापकों को इन दिनों सेवा विस्तार के लिए बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गत शनिवार को अवार्डी शिक्षकों का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू से सचिवालय में मिला। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आवार्डी शिक्षकों को साफ शब्दों में कहा कि सभी आवार्डी शिक्षकों को सेवाविस्तार मिलेगा, लेकिन इसमें सरकार कुछ बदलाव करने जा रही है। अवार्डी शिक्षक सरकार के इस बदलाव का विरोध करती है। यह बदलाव नई अधिसूचना जारी होने वाली तिथि से लागू होना चाहिए, अन्यथा 2023 से पूर्व सम्मानित शिक्षक अपना पुस्कार व मेडल सरकार को वापस करने के लिए मजबूर हो जाएंगे।

शिक्षा विभाग द्वारा शिक्षकों को शिक्षा के क्षेत्र में किए उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया जाता है। 2015 में इसी सरकार द्वारा जारी की गई अधिसूचना के अनुसार राज्य पुरस्कार से सम्मानित शिक्षकों को एक वर्ष का सेवाविस्तार तथा राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित शिक्षकों को एक वेतन वृद्धि और एक साल का सेवाविस्तार मिलता है। अप्रैल व मई माह में छह अवार्डी शिक्षक रिटायर भी हो गए, लेकिन अभी तक सरकार द्वारा सेवा विस्तार का पत्र बार बार गुहार लगाने के बाद भी नहीं मिलने पर वे खुद को अपमानित महसूस कर रहे हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App