बालासोर रेल हादसा: ओडिशा में एक दिन का राजकीय शोक, दुर्घटनास्थल का दौरा करेंगे मोदी

By: Jun 3rd, 2023 11:54 am

नई दिल्ली। ओडिशा राज्य में एक दिन के शोक की घोषणा की गई है। बालासोर के कलेक्टर डी बी शिंदे ने कहा कि अब तक दुर्घटनास्थल से 244 शव निकाले जा चुके हैं। दुर्घटनास्थल राजधानी से करीब 200 किलोमीटर दूर है। नवीनतम रिपोर्ट के अनुसार दुर्घटना में 900 से अधिक यात्रियों को बचाया गया है और उन्हें इलाज के लिए विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

इस बीच, ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने एक दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है। तीन जून को पूरे दिन राज्य में कोई राजकीय समारोह नहीं होगा। उधर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ओडिशा के बालासोर में शुक्रवार को हुई भीषण रेल दुर्घटना से उत्पन्न स्थिति का जायजा लेने के लिए शनिवार को ओडिशा के दौरे पर जाएंगे। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के बारे में अभी आधिकारिक रूप से निश्चित जानकारी नहीं दी गई है, लेकिन उच्च पदस्थ सूत्रों के अनुसार श्री मोदी ओडिशा पहुंचते ही सबसे पहले बालासोर में दुर्घटना स्थल पर जाएंगे और स्थिति का जायजा लेंगे। इसके बाद वह कटक के उस अस्पताल का दौरा करेंगे जहां घायल यात्रियों का उपचार किया जा रहा है। प्रधानमंत्री ने दुर्घटना के बाद उत्पन्न स्थिति की समीक्षा के लिए एक बैठक भी बुलाई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App