ग्रामीण क्षेत्रों को मिलेगी हर सुविधा

By: Jun 2nd, 2023 12:55 am

सांसद प्रतिभा सिंह ने सौली खड्ड-बडोग संपर्क सडक़ का किया लोकार्पण, सरकार की गिनाईं उपलब्धियां
दिव्य हिमाचल ब्यूरो- मंडी
राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, सडक़ व पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना प्रदेश की कांग्रेस सरकार का लक्ष्य है । यह विचार मंडी संसदीय क्षेत्र की सांसद प्रतिभा सिंह ने गुरुवार को सदर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत भरौण के बड़ोग में लगभग 88 लाख रुपए की लागत से निर्मित सौली खड्ड बडोग 4 किलोमीटर लंबी सडक़ का शुभारंभ करने के उपरांत जनसभा को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। उन्होंने इस मार्ग पर पथ परिवहन निगम की बस सेवा को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि जब भी प्रदेश में कांग्रेस सरकार सत्तासीन रही है। महिलाओं के उत्थान तथा कल्याण के लिए अनेक योजनाएं आरंभ की गई हैं। कांग्रेस पार्टी ने चुनाव से पहले सभी महिलाओं को सम्मान देने के लिए 1500 रुपए हर माह पेंशन के रूप में देने का वादा किया है। जिसके परिणाम स्वरूप पहले चरण में प्रदेश की 2.31 लाख महिलाओं को जुलाई माह से पेंशन प्रदान की जाएगी। प्रतिभा सिंह ने कहा कि नेला वार्ड में 2 लाख 50 हजार रुपये की लागत से वर्षा शालिका का निर्माण किया जाएगा।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर, जिला परिषद सदस्य चंपा ठाकुर, पार्षद राजेंद्र मोहन, भरौण पंचायत के प्रधान विजेंद्र चंदेल ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इसके बाद सांसद प्रतिभा सिंह ने ढंडाल में भी जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने ग्राम पंचायत कोटली के गांव हाल्ट में राजस्व भवन, ढंडाल समराहण संपर्क सडक़ लोगों को समर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने राज्य के 1.36 लाख से अधिक कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना प्रदान कर उनकी सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित की है। प्रदेश विकास के पथ पर निरंतर अग्रसर है । उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास में पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का अहम योगदान रहा है। वर्तमान कांग्रेस सरकार हर क्षेत्र में प्रदेश को देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रतिभा सिंह ने ढंडाल क्षेत्र के 5 महिला मंडलों को 10-10 हजार रुपये देने, ढंडाल में सामुदायिक भवन निर्माण करने का आश्वासन तथा पंचायत भवन ढंडाल की मरम्मत के लिए 3 लाख रुपए देने की घोषणा की।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App