सेनिटेशन-इन्फेक्शन कंट्रोल में सुंदरनगर-अंब अस्पताल सबसे आगे

By: Jun 5th, 2023 12:01 am

सरकार ने वर्ष 2022-23 के लिए कायाकल्प पुरस्कार किए घोषित, रिपन अस्पताल को ईको फ्रेंडली अवार्ड

स्टाफ रिपोर्टर — शिमला

स्वास्थय विभाग ने वर्ष 2022-23 के लिए कायाकल्प पुरस्कारों की घोषणा कर दी है। सिविल अस्पताल सुंदरनगर और सिविल अस्पताल अंब ने अलग अलग श्रेणियों में पहला स्थान हासिल किया है। यह अवार्ड अस्पतालों को सेनिटेशन एंड हाईजीन, वेस्ट मैनेजमेंट, इन्फेक्शन कंट्रोल जैसे मानकों को पूरा करने पर प्रदान किया जाता है। यह अवार्ड प्रदान करने से पहले वर्ष भर प्रदेश के सभी अस्पतालों की असैस्मेंट की जाती है। यह असेस्मेंट तीन चरणों में होती है। पहले चरण में आंतरिक असेस्टमेंट होती है। यह अस्पताल प्रबंधन स्वत: करता है। दूसरे चरण में पीयर असेस्टमेंट और तीसरे चरण में बाह्य असेस्मेंट होती है। बाह्य असेस्मेंट के लिए तीन सदस्यीय टीम बनाई जाती है। इसमें एक सदस्य मेडिकल कॉलेज या एनएचएम से, एक सदस्य स्वतंत्र विशेषज्ञ के तौर पर और एक सदस्य स्वास्थ्य निदेशालय से शामिल होता है। इन तीन चरणों की असेस्मेंट के बाद उन अस्पतालों को अवार्ड प्रदान किया जाता है, जो निर्धारित मानकों को 70 फीसदी से अधिक पूरा करते हैं। वर्ष 2022-23 में प्रदेशभर के सभी अस्पतालों में से 27 अस्पतालों ने 70 फीसदी मानकों को पूरा किया था। इनमें से 17 अस्पतालों को कायाकल्प अवार्ड प्रदान करने की घोषणा की गई है। प्रथम श्रेणी में सिविल अस्पताल सुंदरनगर ने प्रथम स्थान हासिल किया है। दूसरे स्थान पर शिमला का रिपन अस्पताल है और तीसरे स्थान पर सिविल अस्पताल पांवटा साहिब है।

प्रथम श्रेणी में पहले स्थान प्राप्त करने वाले अस्पताल को 25 लाख रुपए की राशि प्रदान की जाएगी। दूसरे स्थान पर रहे अस्पताल को को 15 लाख रुपए और तीसरे स्थान के अस्पताल को 10 लाख रुपए प्रदान किए जाएंगे। बाकी अस्पतालों को कॉनकॉरडेशन अवार्ड प्रदान किया जाएगा। द्वितीय श्रेणी अवार्ड में इस वर्ष सीएच अंब पहले स्थान पर है। दूसरे स्थान पर सीएच डलहौजी और तीसरे स्थान पर सीएचसी धर्मपुर है। इस श्रेणी में पहले स्थान पर रहे अस्पताल को सात लाख रुपए, द्वितीय स्थान पर रहे अस्पताल को 5 लाख रुपए और तृतीय स्थान पर रहे अस्पताल को 3 लाख रुपए की राशि प्रदान की जाएगी। बाकी अस्पतालों को कॉनकॉरडेशन अवार्ड प्रदान किया जाएगा। प्रदेशभर में स्थापित करीब 580 प्राथमिक स्वास्थय केंद्रों को भी कायाकल्प प्रदान किया जाता है। इस वर्ष प्रदेश भर से कुल 175 के आसपास पीएचसी को कायाकल्प अवार्ड प्रदान किया जाएगा। इनमें से हर जिले से एक पीएचसी को प्रथम पुरस्कार व बाकी पीएचसी को कॉनकॉरडेशन पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। बिलासपुर जिला से मंडी मानवा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है। जिला से पीएचसी चनैड़ ने पहले स्थान पर है। कांगड़ा से भेरी प्राथमिक स्वास्थय केंद्र, किन्नौर से लियो प्राथमिक स्वास्थय केंद्र, कुल्लू से ब्रान प्राथमिक स्वास्थय केंद्र, लाहुल स्पीति से गेमुर, सिरमौर से माजरा्र, सोलन से भूमती और ऊना से शिवपुर-मुबारिकपुर पीएचसी ने पहला स्थान प्राप्त किया है। हैल्थ एंड वेलनैस केंद्रो को भी कायाकल्प अवार्ड के दायरे में रखा गया है। कायाकल्प अवार्ड के लिए जिला बिलासपुर से सात, चंबा से 12, हमीरपुर से 10, कांगड़ा से 21, कुल्लू से दो, मंडी से 17, शिमला से तीन, सिरमौर से चार, सोलन से आठ और ऊना से 10 हैल्थ एंड वेलनैस चयनित हुए हैं।

अवार्ड के लिए ये मापदंड
अस्पताल रख रखाव
सेनिटेशन एंड हाईजीन
वेस्ट मैनेजमेंट
इंन्फेक्शन कंट्रोल
स्पोट्र्स सर्विस
इन अस्पतालों की इकोलॉजी सबसे अच्छी
रिपन अस्पताल शिमला
सिविल अस्पताल अंब


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App