आनी में 305-मार्ग चार दिन बाद बहाल

By: Aug 18th, 2023 12:55 am

मार्ग बहाल होने पर छोटे वाहनों की आवाजाही शुरू, लोगों ने ली राहत की सांस
स्टाफ रिपोर्टर-आनी
आनी में भूस्खलन के कारण अबरुद्ध एनएच 305 सडक़ मार्ग चार दिन बाद यातायात के लिए वहाल हो गया है। जिससे लोगों ने राहत की सांस ली है। मार्ग बहाल होते ही आनी लूहरी के मध्य छोटे बड़े वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई है। बता दें कि पिछले दिनों हुई भारी वर्षा के कारण एनएच -305 सडक़ मार्ग आनी के किरण बाजार में भारी भूस्खलन से अबरुद्ध हो गया था और पहाड़ी से लगातार पत्थर व मलवा गिरने से मार्ग को बहाल करवाने में एन एच प्राधिकरण को भारी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा था। मार्ग में पिछले चार दिनों से यातायात पूरी तरह से ठप्प रहा, जिससे लोगों को आवागमन में भारी कठिनाई का सामना करना पड़ा। गुरुवार को एनएच प्राधिकरण ने मार्ग बहाली के कार्य में तेजी लाई और स्थानीय प्रशासन ने पहले पहाड़ी पर टिके मलबे व पत्थर को हटाने के लिए दमकल विभाग चौकी आनी के वाहन द्वारा वाधित स्थल पर पानी की बौछारें डाली और मलबे को नीचे गिराया।

उसके बाद प्राधिकरण ने एलएनटी मशीनरी लगाकर मार्ग बहाली के कार्य में प्रगति लाई और शाम पौने पांच मार्ग को यातायात के लिए बहाल कर दिया। उधर, एनएच उप मंडल आनी के सहायक अभियन्ता इ. रुदमणी शर्मा ने बताया कि आनी के किरण बाजार में भूस्खलन से अबरुद्ध एनएच 305 सडक़ मार्ग को हालांकि यातायात के लिए वहाल कर दिया गया है, मगर अबरुद्ध स्थल पर पहाड़ी से पत्थर व मलवा गिरने का क्रम जारी है। ऐसे में वाहन चालक इस स्थान पर सावधानी से वाहन चलाएंगे। ताकि किसी प्रकार की कोई अनहोनी न हो।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App