कैसे करें बचाव आई फ्लू से

By: Aug 5th, 2023 12:14 am

इस समस्या में आंखों में लालिमा, जलन, खुजली, दर्द और पानी आना जैसी कई परेशानियां होती हैं। दरअसल, बरसात के मौसम में हवा में संक्रमण फैलाने वाले कीटाणु और जीवाणु बढ़ जाते हैं। आंखों का इन्फेक्शन आमतौर पर एक आंख से शुरू होता है और दूसरी आंख में फैल जाता है…

मानसून में कई तरह की बीमारियों और संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। इन्हीं में से एक सबसे बड़ी समस्या आंखों का इन्फेक्शन भी है, जिसे आई फ्लू भी कहते हैं। आई फ्लू को कंजक्टिवाइटिस के नाम से भी जाना जाता है। देश के कई शहरों में भारी बारिश की वजह से आई फ्लू तेजी से फैल रहा है। इस समस्या में आंखों में लालिमा, जलन, खुजली, दर्द और पानी आना जैसी कई परेशानियां होती हैं। दरअसल, बरसात के मौसम में हवा में संक्रमण फैलाने वाले कीटाणु और जीवाणु बढ़ जाते हैं। आंखों का इन्फेक्शन आमतौर पर एक आंख से शुरू होता है और दूसरी आंख में फैल जाता है। इसके लक्षण दिखने पर आपको तुरंत डाक्टर से संपर्क करना चाहिए। बारिश के मौसम में आई फ्लू से बचाव और छुटकारा पाने के लिए आप कुछ घरेलू उपायों का सहारा ले सकते हैं।
शहद
शहद आंखों से जुड़ी समस्याओं को दूर करने में मदद कर सकता है। इसमें एंटीबैक्टीरियल गुण होते हैं, जो आंखों के संक्रमण को ठीक करने में प्रभावी साबित हो सकते हैं। इसके लिए आप एक गिलास पानी में 2 चम्मच शहद मिला लें। अब इस पानी से आंखों को धोएं। ऐसा करने से आंखों में दर्द और जलन से भी राहत मिल सकती है।
गुलाब जल
आई फ्लू की समस्या से छुटकारा पाने के लिए गुलाब जल का इस्तेमाल बेहद फायदेमंद साबित हो सकता है। दरअसल इसमें एंटी बैक्टीरियल और एंटीसेप्टिक गुण होते हैं, जो संक्रमण फैलाने वाले बैक्टीरिया से लडऩे में मदद करते हैं। गुलाब जल की दो-दो बूंदें आंखों में डालें। ऐसा करने से आंखों में दर्द और जलन से राहत मिलेगी।
आलू
आलू की तासीर ठंडी होती है, इसलिए यह आंखों की जलन को कम करने में मदद करता है। इसमें मौजूद गुण आंखों के संक्रमण से बचाव में मददगार साबित हो सकते हैं। इसके लिए आलू को पतले-पतले टुकड़ों में काट लें। रात में सोने से पहले आलू के टुकड़ों को अपनी आंखों के ऊपर रखें। लगभग 10-15 मिनट तक लगा कर रखें, फिर हटा दें। इससे आंखों की सूजन और दर्द से भी राहत मिलेगी।
तुलसी
तुलसी में एंटीऑक्सीडेंट और एंटी बैक्टीरियल गुण होते हैं, जो आंखों के संक्रमण को दूर करने में मदद करते हैं। आंखों में जलन या दर्द की समस्या में भी तुलसी का इस्तेमाल बहुत फायदेमंद माना जाता है। आप तुलसी के पत्तों को रातभर के लिए पानी में भिगोकर रख दें। अगली सुबह इस पानी से आंखों को धोएं। नियमित रूप से कुछ दिनों तक ऐसा करने से आपको काफी लाभ होगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App