नीट यूजी काउंसिलिंग : राउंड-3 को रजिस्ट्रेशन शुरू, सीट अलॉटमेंट रिजल्ट आठ सितंबर को

By: Aug 31st, 2023 10:35 pm

दिव्य हिमाचल ब्यूरो— नई दिल्ली
मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (एमसीसी) ने आज से नीट यूजी काउंसलिंग के तीसरे राउंड के लिए रजिस्ट्रेशन प्रोसेस शुरू कर दी है। जिन उम्मीदवारों को राउंड 1 या 2 में सीटें अलॉट नहीं हुई थी, वे ऑफिशियल वेबसाइट mcc.nic.in पर जाकर इस राउंड के लिए रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं।

शेड्यूल के अनुसार, राउंड -3 के लिए रजिस्ट्रेशन प्रोसेस 31 अगस्त, 2023 से चार सितंबर, 2023 तक चलेगी। शेड्यूल में कहा गया है कि विंडो 31 अगस्त को दोपहर 12 बजे खुलेगी और चार सितंबर को रात आठ बजे बंद हो जाएगी। विकल्प भरने की प्रोसेस पहली सितंबर से शुरू होकर पांच सितंबर, 2023 रात 11.55 बजे तक जारी रहेगी। उम्मीदवार पांच सितंबर, 2023 को दोपहर तीन बजे से रात 11:55 बजे तक सर्वर समय के अनुसार च्वाइस लॉकिंग पूरी कर सकते हैं। भरे गए और लॉक किए गए ऑप्शन के आधार पर, एमसीसी छह सितंबर, 2023 से सात सितंबर, 2023 तक सीट अलॉटमेंट की प्रोसेस करेगा।

सीट अलॉटमेंट रिजल्ट आठ को
राउंड-3 के लिए सीट अलॉटमेंट रिजल्ट आठ सितंबर, 2023 को जारी किया जाएगा। पिछले रुझानों के अनुसार, एमसीसी पहले प्रोविजनल सीट अलॉटमेंट जारी करेगा। उम्मीदवारों द्वारा प्रश्न भेजने के बाद फाइनल सीट अलॉटमेंट रिजल्ट जारी किया जाएगा।

10 सितंबर को रिपोर्टिंग
जिन उम्मीदवारों को नीट यूजी की सीटें अलॉट की जाएंगी, उन्हें 10 सितंबर, 2023 से 18 सितंबर, 2023 तक अपने संबंधित अलॉटेड कालेजों में रिपोर्ट करना होगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App