शहीद उधम सिंह को नमन; शहीदी दिवस पर राज्य स्तरीय समारोह, सीएम खट्टर ने दी श्रद्धांजलि

By: Aug 1st, 2023 12:04 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — चंडीगढ़
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने शहीद उधम सिंह के शहीदी दिवस पर कुरुक्षेत्र में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस दौरान उन्होंने शहीद उधम सिंह के चरणों में नमन किया और कहा कि उधम सिंह जैसे बलिदानियों की वजह से आज हम खुली हवा में सांस ले रहे हैं। इस दौरान उन्होंने कांबोज सभा की मांग पर करनाल, कुरुक्षेत्र व शाहाबाद में बन रही तीन कांबोज धर्मशालाओं के लिए 47 लाख 76 हजार 76 रुपए की राशि देने की घोषणा की। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सर्वप्रथम शहीद उधम सिंह की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए और दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की विधिवत रूप से शुरुआत की। कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्रेरणा का विषय है कि आजादी के मतवाले शहीद उधम सिंह को श्रद्धांजलि देने हम यहां पहुंचे हैं। आज हम शहीद उधम सिंह के बलिदान को भुला नहीं सकते।

उन जैसे शहीदों की कुर्बानियों की वजह से हम खुली हवा में सांस ले रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सभी को मिलकर देश को मजबूत बनाना है। कांबोज सभा की मांग पर मुख्यमंत्री ने करनाल, कुरुक्षेत्र और शाहाबाद में निर्माणाधीन तीन धर्मशालाओं के लिए 47 लाख 76 हजार 76 रुपए की राशि दी। मुख्यमंत्री ने करनाल की कांबोज धर्मशाला के लिए 21 लाख रुपए, कुरुक्षेत्र की धर्मशाला के लिए 21 लाख 76 हजार 76 और शाहाबाद की धर्मशाला के लिए 5 लाख रुपए देने की घोषणा की। इसके अतिरिक्त कुरुक्षेत्र की धर्मशाला के लिए सांसद नायब सिंह सैनी ने भी 11 लाख रुपये देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि शहीद उधम सिंह का जन्म पंजाब के संगरूर जिले के सुनाम में हुआ था। उनके बचपन का नाम शेर सिंह था। जलियांवाला बाग में एकत्रित लोगों पर अंग्रेजी सरकार ने गोलियां चला दी थी। इसमें अनेकों भारतीय मारे गए थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App