थुबतन नेगी रिनपोछे यूरोप में बोन और बौद्ध धर्म ज्ञान लोगों में कर रहे साझा

By: Sep 1st, 2023 12:55 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो—रिकांगपिओ
विदेशों में विशफुल-फिलिंग ज्वैल ऑफ इंडिया के नाम से प्रसिद्ध थुबतन नेगी रिनपोछे दो माह के लिए यूरोप में बोन एवं बौद्ध धर्म से संबंधित ज्ञान साझा कर रहे हैं। हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिला के लिप्पा गांव में जन्में गेशे थुबतन ज्ञालछन नेगी रिनपोछे विगत वर्षों के भांति इस वर्ष भी दो माह के लिए यूरोप के यात्रा पर हैं। वे यहां से 15 जुलाई को यूरोप के यात्रा पर गए थे एवं 15 सितंबर के दिन स्वदेश लौटेगें। विगत कई वर्षों से रिनपोछे समय-समय पर रूस, यूरोप, इंग्लैंड, अमरीका आदि देशों के अनुयायियों के निमंत्रण पर उपरोक्त देशों में धार्मिक शिक्षा देने हेतु जाते रहे हैं। इस वर्ष भी यूरोप के पोलैंड, स्विटजरलैंड, फ्रांस, स्पेन, जर्मनी, स्लोवाकिय, हंगरी, ऑस्ट्रिया आदि विभिन्न देशों में उनका कार्यक्रम निर्धारित है।

पोलैंड, स्विटजरलैंड, फ्रांस, स्पेन तथा जिब्राल्टर आदि स्थानों में उन्होंने अपने अध्ययन तथा अनुभव के माध्यम से श्रद्धालुओं को धार्मिक उपदेश एवं नैतिक शिक्षा दी है। वर्तमान में रिनपोछे जर्मनी में विद्यमान हैं। ऑस्ट्रिया हंगरी तथा ब्रेटिस्लावा आदि स्थानों में अभी कार्यक्रम होना बाकी है। रिनपोछे बॉन और बौद्ध धर्म से संबंधित सूत्र, तंत्र और योग चेन मूल शिक्षा तथा ध्यान साधना के आधार पर उपरोक्त देशों में अपने अनुयायियों को धार्मिक शिक्षा देने के कार्य करते आ रहे हैं। विशेषकर धार्मिक एवं नैतिक शिक्षा से जुड़े ज्ञान मैत्री, करूणा तथा अहिंसा आदि के संदेश लोगों तक पहुंचने का कार्य करते आ रहे हैं। जो स्व पर सभी प्राणियों के सुख एवं शांति तथा विश्व शांति के लिए अत्यंत ही उपयोगी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App