तीन साल बाद लाहुल की परिक्रमा पर निकलेंगे अधिष्ठाता देव राजा घेपन

By: Oct 3rd, 2023 12:10 am

जिला संवाददाता-केलांग
लाहुल-स्पीति के अधिष्ठाता देव राजा घेपन तीन साल बाद लाहुल घाटी की परिक्रमा पर निकलेंगे। इस दौरान देवी बोटी भी साथ रहेगी। शशिन स्थित देवता राजा घेपन के देवालय में 20 अक्टूबर को देवता का रथ रंग सजाया जाएगा। 21 को देवता अपने कारकूनों तथा देवलुओं के साथ घाटी के दौरे पर निकलेंगे। देवी बोटी के अलावा चंद्रा घाटी के देवताओं देवी मोगार, देवता ड्राबला, लुंगखोरबल, शाल्वर, मेलनंग तेते, थांगलाभर और नांगलाभर के साथ गुंचलिग में आयोजित होने वाले क्यासंदोर मेले के लिए रवाना होंगे। तीन दिवसीय इस मेले में लुंगखोरबल तथा मेलंग तेते को छोडक़र अन्य सभी सात देवताओं के रथों को उनके निश्चित स्थान पर रखा जाएगा।

मेले के दौरान सभी देवताओं के गुर और पुजारी भविष्यवाणियां भी करेंगे। क्यासंदोर मेले के बाद राजा घेपन ओर देवी बोटी गोंदला, थोरंग तथा दालंग होते हुए पट्टन घाटी के विभिन्न गांवों की परिक्रमा पर निकल जाएंगे। जबकि अन्य देवी देवता अपने अपने देवालय वापिस लौट आएंगे। राजा घेपन के घाटी के इस दौरे के दौरान विभिन्न गांव में देवता के सम्मान में कई देवकारज होंगे। लिहाजा, तीन साल बाद 21 अक्टूबर से राजा घेपन की घाटी परिक्रमा शुरू होने का श्रद्धालुओं को बेसब्री से इंतजार है। बता दें कि राजा घेपन एकमात्र लाहुल घाटी के अधिष्ठाता देव हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App