हमारी सरकार होती, तो दीपक डीएसपी होते

By: Oct 30th, 2023 12:05 am

पूर्व सीएम हुड्डा बोले, कांग्रेस की ‘पदक लाओ, पद पाओ’ नीति के तहत खिलाडिय़ों को दी जाए बड़े पदों पर नियुक्ति

संजय अरोड़ा — चंडीगढ़

पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने रविवार को एशियन गेम्स के सिल्वर पदक विजेता दीपक पुनिया के गांव मांडौठी में हुए सम्मान समारोह में पहुंचकर उन्हें बधाई दी। हुड्डा ने दीपक पुनिया, उनके परिवार और तमाम गांववालों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि दीपक ने सिर्फ अपने गांव, हरियाणा ही नहीं देश का नाम रोशन किया है। पूरे देश को उनपर मान है। देश का मान बढ़ाने वाले दीपक जैसे खिलाडिय़ों के सम्मान में सरकार को भी कोई कसर नहीं छोडऩी चाहिए। यदि आज कांग्रेस सरकार होती तो हमारी खेल नीति अनुसार दीपक हरियाणा पुलिस में डी एस पी होता। यहाँ हुड्डा ने एशियन गेम्स पदक विजेता खिलाडिय़ों के इनाम में बढ़ोतरी की मांग को फिर दोहराया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकाल के दौरान सरकार ने ‘पदक लाओ, पद पाओ’ और पांच करोड़ तक के नकद इनाम की नीति बनाई थी, लेकिन इतने बरस बाद भी सरकार ने इनाम राशि में उचित बढ़ोतरी नहीं की। सरकार को एशियन गेम्स के लिए कम से कम पांच करोड़ स्वर्ण पदकए 3 करोड़ रजत और 2 करोड़ कांस्य पदक विजेता खिलाडिय़ों को देने चाहिए। साथ ही कांग्रेस कार्यकाल की तरह खिलाडिय़ों को डीएसपी जैसे उच्च पदों पर नियुक्ति मिलनी चाहिए। कांग्रेस कार्यकाल में खेल नीति के तहत करीब 750 खिलाडिय़ों को उच्च पदों पर नियुक्तियां दी गईं थी। लेकिन बीजेपी ने सत्ता में आते ही खिलाडिय़ों से डीएसपी और क्लास वन के पदों पर नियुक्ति का अधिकार छीन लिया। जबकि उत्तर प्रदेश जैसा पड़ोसी राज्य कांग्रेस की नीति पर अमल करते हुए अपने पदक विजेताओं को डीएसपी पद पर नियुक्ति दे रहा है। बीजेपी.जेजेपी सरकार ऐसा क्यों नहीं कर रही। हुड्डा ने कहा कि हरियाणा के खिलाड़ी सिर्फ प्रदेश ही नहीं बल्कि देश का परचम पूरी दुनिया में लहराने का काम करते हैं। एशियन गेम्स में एक बार फिर सबसे ज्यादा मेडल जीतकर हरियाणा के खिलाडिय़ों ने देश व प्रदेश का मान बढ़ाया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App