राजकुमार सिंह शीर्ष वैज्ञानिक सूची में

By: Oct 9th, 2023 10:17 pm

शिमला – प्रदेश विश्वविद्यालय वाणिज्य विभाग में आचार्य राजकुमार सिंह को दुनिया के शीर्ष वैज्ञानिक सूची में स्थान मिला है। स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी की विश्व वैज्ञानिक और विश्वविद्यालय रैंकिंग 2024 में दो प्रतिशत वैज्ञानिक की सूची में एशिया महाद्वीप की सबसे व्यापक विश्लेषण के लिए आचार्य राजकुमार सिंह को इस वर्ष इस सूची में स्थान मिला है। दुनिया के शीर्ष वैज्ञानिकों की सूची में व्यापक विश्लेषक में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के राजकुमार सिंह सम्मिलित हैं। यह पूरे देश, प्रदेश के साथ हिमाचल विश्वविद्यालय के लिए बहुत गौरव की बात है। आचार्य राजकुमार सिंह ने अपनी प्रारंभिक स्कूली शिक्षा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हटगड़ जिला मंडी से की। स्नातकोत्तर की शिक्षा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मंडी से पूरी करने के पश्चात प्रदेश विश्वविद्यालय से मास्टर्स इन बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन, एमफिल एवं डॉक्टरेट की उपाधि हिमाचल प्रदेश के वाणिज्य विभाग से हासिल की।

इसके बाद हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड में वाणिज्य प्रवक्ता के तौर पर वर्ष 1994-97 अपनी सेवाएं दीं। वर्ष 1997 में उनका चयन वाणिज्य विभाग के सहायक आचार्य के रूप में हुआ फिर उन्होंने वर्ष 1997 से 2015 तक सहायक आचार्य के रूप में अपनी सेवाएं अलग-अलग महाविद्यालय में दी। 2015 में आचार्य के रूप में प्रदेश विश्वविद्यालय के वाणिज्य विभाग में नियुक्त हुए। आचार्य राजकुमार 18 पुस्तकें, 75 शोध पत्र एवं 6 छात्रों को पीएचडी एवं 30 छात्रों को एमफिल करवा चुके हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App