छह अक्तूबर को मुख्यमंत्री से मिलेगा संघ, शारीरिक शिक्षकों के रिक्त पद जल्द भरने की करेगा मांग

By: Oct 3rd, 2023 8:11 pm

बेरोजगार स्नातकोतर शारीरिक संगठन का प्रतिनिधिमंडल छह अक्टूबर को मुख्यमंत्री से मिलेगा

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला

स्कूलों में शारीरिक शिक्षकों के पदों को भर्ती एवं पदोन्नति नियमों के तहत भरने की मांग को लेकर बेरोजगार स्नातकोतर शारीरिक संगठन का प्रतिनिधिमंडल छह अक्टूबर को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से मुलाकात करेगा। बेरोजगार शारीरिक शिक्षकों का कहना है कि आखिरी उम्मीद लगाकर वह मुख्यमंत्री से मांगों को लेकर मिलेंगे। संगठन के सचिव धर्मेद्र काल्टा ने बताया कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों में डीपीई के रिक्त पद बिना आरएडंपी नियमों के भरे जा रहे है। उन्होंने कहा कि यह प्रदेश की विडम्बना है कि भर्ती में इस तरह की अनियमितता के चलते कोई भी संगठन सामने नही आ रहा है। काल्टा ने कहा कि इस मामलें में सरकार द्वारा दिए जाने वाले आश्वासन पर्याप्त नही है। पूर्व सरकार की बेरूखी के चलते शारीरिक शिक्षा विषय की रिक्तियां प्रदेश के स्कूलों में पांच सौ के करीब है।

वहीं प्रदेश में दो सौ के करीब स्नातकोतर प्रशिक्षित शारीरिक शिक्षक पदोन्नति की राह ताक रहे है। इन दिनों प्रदेश के स्कूलों में खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन हो रहा है। लेकिन डीपीई के पद रिक्त होने से इसमें भी परेशानी हो रही है। वहीं शारीरिक शिक्षा विषय पढ़ाने में प्रबंधन को असुविधा हो रही है। इसी मांग को लेकर छह अक्टूबर को शारीरिक शिक्षक संगठन मुख्यमंत्री से मिलने जा रहा है। संगठन का कहना है कि प्रदेश के वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों में डीपीई की रिक्तियों को सरकार हल्के में न लें। स्कूलों में शिक्षकों के अभाव में विद्यार्थियों की विषय के प्रति अरूचि एक गंभीर समस्या है।

—विनोद कुमार-


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App