राज्य स्तरीय पुरस्कारों को मांगे आवेदन; इस विभाग ने महकमों को 31 दिसंबर की डेडलाइन दी

By: Nov 27th, 2023 9:43 pm

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — शिमला

राज्य सरकार ने इस बार राज्य स्तरीय पुरस्कार स्टेट सिविल सर्विसेज अवार्ड, प्रेरणा स्रोत सम्मान और हिमाचल गौरव पुरस्कार के लिए एडवांस में आवेदन या नॉमिनेशन मांगे हैं। इनके लिए या तो व्यक्ति खुद आवेदन कर ले या संबंधित विभाग के माध्यम से नॉमिनेशन सरकार को भेजा जाए। राज्य सरकार के 15 अप्रैल के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री खुद ये अवार्ड देते हैं।

सामान्य प्रशासन विभाग ने इस बार इसके लिए एडवांस प्रक्रिया शुरू की है। इससे पहले मार्च या अप्रैल महीने में ही पुरस्कारों पर फैसला होता था। आखिरी वक्त में कई बार स्क्रीनिंग सही ढंग से नहीं हो पाती। यही वजह है कि अब सभी विभागों को यह सूचना भेजी गई है। सामान्य प्रशासन विभाग ने कहा है कि 31 दिसंबर से पहले पात्र व्यक्तियों या संस्थाओं को लेकर सरकारी विभाग अपने स्तर पर स्कू्रटनी कर केस आगे भेजें। जीएडी के नोटिस के अनुसार शिक्षा विभाग में भी उच्च शिक्षा निदेशक ने सभी उपनिदेशकों को आगे मामला भेज दिया है। स्टेट सिविल सर्विसेज अवार्ड सिर्फ सरकारी विभागों या अधिकारियों के लिए होता है, जबकि प्रेरणा स्रोत सम्मान और हिमाचल गौरव पुरस्कार किसी भी व्यक्ति या संस्था को दिया जा सकते हैं।

काजा में 15 अप्रैल, 2023 को इन्हें दिए गए थे इनाम

15 अप्रैल, 2023 को भी स्पीति के काजा में हुए राज्य स्तरीय हिमाचल दिवस समारोह में ये अवार्ड दिए गए थे। हिमाचल गौरव पुरस्कार बिलासपुर के लकेश चंदेल, सिरमौर के राजगढ़ से एसआई रानी, कांगड़ा से लोकगायक करनैल राणा और सोलन के अर्की निवासी नेमचंद ठाकुर को दिए गए थे। जबकि सिविल सेवा अवार्ड राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के टीबी उन्मूलन कार्यक्रम को दिया गया था। यह मिशन निदेशक को सौंपा गया था। प्रेरणा स्रोत सम्मान पद्मश्री नेकराम शर्मा, बागवान प्रेम सिंह चौहान और पाइनग्रोव स्कूल कसौली के प्रधानाचार्य कैप्टन एजे सिंह को दिया गया था।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App