ठंडे बस्ते में चला गया सीएम का ड्रीम प्रोजेक्ट, पर्यटन विलेज के लिए चयनित भूमि पर नहीं शुरू हो पाया काम

By: Nov 12th, 2023 12:06 am

View from Dharamshala

पवन कुमार शर्मा— धर्मशाला

मुख्यमंत्री का पर्यटन विलेज ड्रीम प्रोजेक्ट फिलहाल ठंडे बस्ते में पड़ गया है। सीएम की घोषणा के तुरंत बाद प्रशासन ने धर्मशाला के नरघोटा स्थित हिमुडा साइट को हिमुडा से वापस लेकर पर्यटन विभाग के दे दिया। सीएम पर्यटन राजधानी की घोषणा कर इसे मूर्त रूप देने के लिए जल्द कार्य शुरू करवाने के मूड़ में थे, लेकिन अब कोई ऐसा सियासी पेंच फंस गया है कि संबंधित भूमि की फोरेस्ट क्लीयरेंस का अडग़ा लटका दिया है। हालांकि इससे पहले हिमुडा ने इस साइट पर 348 प्लाट और 300 फ्लैट बनाने का काम शुरू करते हुए इनमें से 97 प्लाट बेच भी दिए थे, लेकिन मुख्यमंत्री की इच्छाशक्ति के बाद लोगों को उनकी धनराशी वापस कर यहां पर्यटन विलेज बनाने की प्रक्रिया शुरू की गई, जो अब ठंडे बस्ते में है। प्रदेश शहरी विकास प्राधिकरण (हिमुडा) ने जिला कांगड़ा के मुख्यालय धर्मशाला के साथ लगते नरघोटा गांव में अधिग्रहित की गई 684 कनाल भूमि पर एक आवासीय कालोनी विकसित करने की योजना बनाई थी। इस पर लभगग 70 करोड़ की भारी-भरकम राशि भी खर्च की चुकी थी, लेकिन वर्तमान सरकार ने यहां पर पर्यटन ग्राम की योजना बनाई और हिमुडा ने यह भूमि पर्यटन विभाग को हस्तातंरित कर दी। मुख्यमंत्री ने जिला कांगड़ा को टूरिज्म राजधानी बनाने का ऐलान कर दिया।

इसी के चलते नघरोटा की इस साइट को विभाग ने टूरिज्म विलेज बनाने के लिए उपयुक्त मानते हुए आगमी प्रक्रिया शुरू कर दी। नघरोटा धर्मशाला शहर से साथ लगता गांव है। यहां से धौलाधार का मनोरम दृश्य दिखता है, तो एक तरफ धर्मशाला, तो दूसरी तरफ शाहपुर वैली का प्राकृतिक सौंदर्य इसे चार चांद लगा देता है। इसी के चलते यहां पर प्रदेश सरकार टूरिज्म विलेज बनाने का प्रस्ताव लेकर आई और हिमुडा की इस साइट को पर्यटन विभाग के नाम हस्तांतरित कर दिया, लेकिन अब पेड़ों की गिनती से लेकर तमाम सारी औपचारिक्ताएं पूरी करने का अड़ंगा लटका दिया है। ऐसे में क्षेत्र के बुद्धिजीवी लोग सवाल कर रहे हैं। उधर, पर्यटन विभाग के उपनिदेशक विनय धीमान ने बताया कि संबंधित क्षेत्रों में पेड़ों की गिनती करवाने सहित अन्य औपचारिक्ताओं को पूरा करवाया जा रहा है। एचडीएम


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App