रामपुर में अंतरराष्ट्रीय लवी मेले का आगाज, राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने किया शुभारंभ, 14 नवंबर तक चलेगा दौर

By: Nov 12th, 2023 12:06 am

रमेश शर्मा-रामपुर बुशहर

उत्तर भारत का प्रसिद्ध व्यावसायिक अंतरराष्ट्रीय लवी मेला शनिवार से शुरू हो गया। उत्सव का शुभारंभ राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने किया। इस अवसर पर लेडी गवर्नर जानकी शुक्ल भी उपस्थित थीं। लवी मेले का आयोजन आधिकारिक रूप से 14 नवंबर तक चलेगा। मेले के शुभारंभ पर राज्यपाल ने कहा कि लवी एक व्यावसायिक मेले के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश का सांस्कृतिक उत्सव बन गया है। लवी मेले का अपना ऐतिहासिक महत्त्व है। यह व्यापारिक गतिविधियों के साथ-साथ अपनी समृद्ध परंपराओं के लिए भी प्रसिद्ध है। उन्होंने कहा कि यह मेला अनक संस्कृतियों का मिलन है। राज्यपाल ने पूर्व सीएम स्व. वीरभद्र सिंह को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से ही वर्ष 1985 में रामपुर लवी मेले को अंतरराष्ट्रीय लवी मेले का दर्जा दिया था।

उन्होंने मां भीमाकाली से प्रदेशवासियों की सुख समृद्धि की कामना की। राज्यपाल ने इससे पूर्व विभिन्न विभागों द्वारा मेला मैदान में लगाई गई प्रदर्शनियों का भी अवलोकन किया। इस अवसर पर राज्यपाल ने मेला समिति द्वारा अंतरराष्ट्रीय लवी मेला-2023 के लिए बनाए गए वीडियो टीजर का अनावरण किया। इससे पहले उपायुक्त एवं अंतरराष्ट्रीय लवी मेला आयोजन समिति के अध्यक्ष आदित्य नेगी ने राज्यपाल का स्वागत किया। कार्यक्रम में शिमला, मंडी तथा सिरमौर जिला के लोकनृत्य दलों ने भव्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी। इस अवसर पर रामुपर के विधायक नंदलाल और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। – एचडीएम


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App