शाहबाद नई अनाज मंडी में जजपा की नवसंकल्प रैली, उपमुख्यमंत्री, डा. अजय सिंह चौटाला ने शिरकत की

By: Nov 11th, 2023 12:06 am

बृजमोहन — शाहाबाद मारकंडा

जजपा की कुरूक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र की नवसंकल्प रैली शाहाबाद की नई अनाज मंडी में हुई। रैली में उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला, राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. अजय सिंह चौटाला ने जयपुर से आकर शाहाबाद रैली में विशेष रूप से शिरकत की। रैली को संबोधित करते हुए दुष्यंत चौटाला ने कहा कि पार्टी द्वारा जो सदस्यता अभियान चल रहा है उसमें अधिक से अधिक लोगों को जोड़े ताकि संगठन और अधिक मजबूत हो सके। उन्होंने कहा कि चार वर्ष 11 माह पूर्व जींद की धरती पर जब जजपा की नींव पड़ी थी, तो किसी ने यह सोचा नहीं था कि यह पार्टी 10 विधायक लेकर सत्ता में भागीदारी करेगी। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि यह सब संगठन की ताकत है व आप सब कार्यकर्ताओं की मेहनत है जिन्होंने संगठन को इतना अधिक मजबूत बनाया कि जजपा के 10 विधायक चुनकर आए तथा जजपा सत्ता में भागीदारी बनी। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि कुरूक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र से दो विधायक सत्ता में भागीदार है। जब नगर पालिका चुनाव हुए तो कुछ लोगों ने कहा कि यह गांव की पार्टी है। शहर में इसका वजूद नहीं है, लेकिन आपके अपने शहर शाहाबाद में नगर पालिका का प्रधान जजपा पार्टी के निशान पर विजयी हुआ व सबसे अधिक वोट प्राप्त किए। उन्होंने कहा कि इसी तरह चीका, इस्माईलाबाद नगर पालिका में भी जजपा का कब्जा है।

उन्होंने कहा कि पंचायत चुनावों में बीसी वर्ग को आठ प्रतिशत आरक्षण, नैना चौटाला द्वारा शुरू की गई चुनरी चौपाल की बदौलत आज महिलाओं को पंच, सरपंच, ब्लॉक समिति, जिला परिषद् में आरक्षण मिला। यह बदलाव तभी संभव हुआ जब जजपा कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत बनाया। संगठन की मजबूती के कारण ही हम विधानसभा में यह बदलाव लाने में संभव हुए। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि जुलाई में शाहाबाद सहित अनेक इलाके बाढ़ ग्रस्त थे वह स्वयं शाहाबाद सहित सभी इलाकों में गए और उन लोगों तक पानी पहुंचाया जो घरों से नहीं निकल पा रहे थे। इसके अतिरिक्त एसडीएम कार्यालय से उनके लिए खाने का प्रबंध किया। उन्होंने फसलों की तबाही देखी। लेकिन सरकार ने धान की दोबारा पौध तैयार करवाई व इस तरह के प्रबंध किए कि प्रदेश सरकार ने 12 जिलों में 53 लाख मैट्रिक टन धान की फसल खरीदी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App