ध्यान है इच्छाओं की पूर्ति

By: Nov 18th, 2023 12:14 am

श्रीश्री रवि शंकर

जब आपकी सारी ऊर्जा एक वस्तु पर कंेद्रित होती है, तो यह और
भी अधिक निर्देशित और शक्तिशाली होती है। इससे आपके मंतव्य और भी अधिक प्रभावशाली और सफल हो जाते हैं। ध्यान के द्वारा विचारों में बहुत अधिक स्पष्टता आती है…

हर रात सोने से पहले आप क्या सोचते हैं? क्या आप कुछ सुखद विचारों के बारे में सोचते हैं? इसके फलस्वरूप, क्या आप उसी विचार के बारे में स्वप्न भी देखते हैं? यदि आप ऐसा करते हैं, तो आप ऐसा करने वाले बहुत सारे लोगों में से एक हंै। कभी-कभी हमारे विचार हमारे स्वप्न में प्रकट हो जाते हैं। यदि ये विचार अच्छे है, तो आपके स्वप्न बहुत अद्भुत और वास्तविक प्रतीत होते हैं। यह इस बात को दर्शाता है कि जब हमारा अचेतन मन क्रियाशील हो जाता है, तब हमारा चेतन मन अक्रियाशील हो जाता है। यदि आपके स्वप्न आपके जीवन में वास्तव में एक घटना के रूप में घटित होने लगें, तब क्या होगा? यह कितना अद्भुत होगा? यद्यपि यह बात कुछ विचित्र लगती है, लेकिन आप ऐसा कर सकते हैं और इसे करने का एक तरीका ‘ध्यान’ है। अपने स्वप्नों और इच्छाओं को वास्तव में पूरा करने के लिए आपको प्रतिदिन ध्यान करना चाहिए। जीवन में प्राय: आप ऐसा महसूस करते हैं कि कोई भी वास्तव में आपको या आपकी समस्याओं को नहीं समझता है। ऐसे समय में आपको अपने भीतर की गहराई में जाना चाहिए। यही वह समय होता है,जब आपकी भीतर की आवाज आपकी सबसे अच्छी मित्र बन जाती है। आपको अपने भीतर की आवाज को प्रशिक्षण देना और उसे ठीक प्रकार से प्रयोग करना सीखना चाहिए। यहां ध्यान आपकी मदद कर सकता है। यह आपकी भीतर की आवाज को मजबूत, विश्वसनीय एवं अर्थपूर्ण बना सकता है। आप देखेंगे कि आपको विभिन्न परिस्थितियों में अनुकूलित उत्तर मिलेंगे। वर्तमान क्षण एक उपहार है, इसका आनंद लीजिए।

जब आप ध्यान करते हैं, तो आप अपने मन को वर्तमान क्षण में रहने के लिए प्रशिक्षित कर पाते हैं। चाहे आप पढ़ रहे हों, लिख रहे हों, सुन रहे हों, देख रहे हों या बात कर रहे हों, आपका शरीर और मन वर्तमान क्षण में रहता है। इससे क्या होता है? इससे आप वर्तमान क्षण के लिए और भी अधिक प्रतिबद्ध हो जाते हैं। जब आपकी सारी ऊर्जा एक वस्तु पर कंेद्रित होती है, तो यह और भी अधिक निर्देशित और शक्तिशाली होती है। इससे आपके मंतव्य और भी अधिक प्रभावशाली और सफल हो जाते हैं। ध्यान के द्वारा विचारों में बहुत अधिक स्पष्टता आती है। यह आपको सहज बनाता है और स्वप्न देखने तथा उन्हें किस प्रकार से पूर्ण करना है, इस पर कंेद्रित करना सिखाता है। अधिकतर समय, हम या तो अपने किसी स्वप्न को पूर्ण करने के प्रति आसक्त होते हैं या फिर बस स्वप्न देखकर ही रह जाते हैं। ध्यान आपको प्रभावशाली ढंग से केंद्रित करने के योग्य बनाता है। यह आपको भी केंद्रित करता है और विश्वास को भी मजबूत बनाता है। जो आपका है और जो आपके लिए अच्छा है, वह आपको मिल जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App