ऋषिकेश में एक दिवसीय महिला सम्मेलन

By: Dec 14th, 2023 12:55 am

रामायण-महाभारत काल खंडों में महिलाओं के योगदान और महत्त्व पर जगाया अलख

दिव्य हिमाचल ब्यूरो—रिकांगपिओ
जिला किन्नौर के सब तहसील टापरी के अंतर्गत सरस्वती विद्या मंदिर ऋषिकेश में सतलुज सेवा ट्रस्ट की ओर से एक दिवसीय महिलाओं का सम्मेलन आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम के दौरान मुख्यातिथि गंगा नेगी, मुख्य वक्ता डाक्टर गगनेश्वरी, प्रवक्ता संस्कृत सुनीता गुप्ता, जिला संयोजिका दीपमाला विशेष रुप से उपस्थित रहे। इस सम्मेलन में किन्नौर जिला के विभिन्न गांव से महिलाओं ने भाग लिया। मुख्य वक्ता डाक्टर गगनेश्वरी ने अपने संबोधन में रामायण, महाभारत, विभिन्न काल खंडों में महिलाओं के योगदान और महत्त्व को समझाया। मुख्यातिथि गंगा नेगी ने प्राकृतिक खेती के महत्त्व को बताते हुए कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए प्राकृतिक आहार आवश्यक है, वहीं किन्नौर की महिलाएं अब प्राकृतिक खेती के महत्त्व को जान रहीं है और प्राकृतिक खेती को अपना भी रही है।

इस अवसर पर संस्कृत प्रवक्ता सुनीता गुप्ता ने बताया कि 21वीं सदी में महिलाओ की स्थिति पर यह नेरेटिव चलाया जा रहा है कि महिला पुरुष का संबंध प्रतिस्पर्धात्मक है, जोकि बहुत गलत है। उन्होंने बताया कि महिला-पुरुष रथ के दो पहिये जैसे हैं, दोनों एक दुसरे के पूरक है, आज के परिपेक्ष में महिला ही समाज में बढ़ रही विभिन्न कुरुतियों को समाप्त कर सकती है। इसके लिए महिला को अपने घर से शुरुआत करनी पड़ेगी, जिसके लिए उसे अपनी मातृभाषा, मातृत्व भाव और अपनी संस्कृति को पहचानने की आवश्यकता है। वहीं उन्होंने महिलाओं को अपनी संस्कृति के महत्त्व को समझाने का आहवाह्न किया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App