गणतंत्र दिवस से पंजाब की झांकी गायब, भगवंत सिंह मान ने पंजाबियों की अनदेखी पर घेरी केंद्र सरकार

By: Dec 28th, 2023 12:06 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — चंडीगढ़

गणतंत्र दिवस परेड के लिए राज्य की झांकी रद्द करने के लिए भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की आलोचना करते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि सत्ता के नशे में अहंकारी केंद्र सरकार, स्वतंत्रता संग्राम में पंजाबियों द्वारा दिए गए बेमिसाल बलिदान का अनादर कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा, यह पहली दफा नहीं है, बल्कि पिछले साल भी भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने ऐसी शरारत की थी और इस साल भी झांकी रद्द कर वही हरकत दोहराई है। केंद्र सरकार पंजाब के जख्मों पर नमक छिडक़ रही है। यहां पंजाब भवन में बुधवार को पत्रकारों के साथ बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि एक ओर दुनिया भर से श्रद्धालु फतेहगढ़ साहिब पहुंच कर छोटे साहिबजादे बाबा जोरावर सिंहए बाबा फतेह सिंह और माता गुज्जरी जी की शहादत के समक्ष नतमस्तक हो रहे हैं।

दूसरी ओर इन पवित्र दिनों में भाजपा सरकार पंजाब का अनादर करने के लिए ऐसे भद्दे हथकंडे अपना रही है। शहादतें और बलिदान राज्य की महान विरासत का हिस्सा हैं, जिनको राज्य की झांकी में बखूबी दिखाया जाना था। सीएम ने कहा कि इन देशभक्ति के विचारों वाली झांकी को रद्द कर केंद्र सरकार ने महान देशभक्तों, राष्ट्रीय नायकों के बलिदान का अपमान किया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट तौर पर कहा कि राज्य के साथ सौतेली मां वाला यह सुलूक कतई बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। यह कितनी बदकिस्मती वाली बात है कि यह फ़ैसला उन दिनों के दौरान किया गया, जब समूची दुनिया छोटे साहिबज़ादों और माता गुजरी जी द्वारा दिए गए बेमिसाल बलिदान के आगे सिर झुका रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App