जालंधर में भी लगे वंदे भारत एक्सप्रेस की ब्रेक, अश्विनी वैष्णव से सांसद सुशील कुमार ने मांगा स्टॉपेज

By: Dec 21st, 2023 12:06 am

दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से सांसद सुशील कुमार ने मांगा स्टॉपेज

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-चंडीगढ़

30 दिसंबर से शुरू हो रही नई दिल्ली अमृतसर वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को जालंधर में स्टॉपेज दिलवाने की मांग को लेकर बुधवार को सांसद सुशील कुमार रिंकू दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मिले। उन्होंने कहा कि जालंधर प्रदेश की प्रमुख औद्योगिक नगरी है, साथ ही एनआरआई हब भी है। इस ट्रेन के जालंधर रुकने से यहां के उद्यमियों, व्यापारियों और एनालाइज को काफी फायदा होगा जिन्हें जालंधर नई दिल्ली के बीच इस हाई स्पीड ट्रेन में सफर करने का मौका मिलेगा। रिंकू ने कहा कि अगर वंदे भारत लुधियाना व अंबाला स्टेशन पर स्टॉपेज है तो जालंधर में भी जरूर होना चाहिए। इसका फायदा रेलवे को तो होगा ही साथ में लोगों के कीमती समय की भी बचत होगी। उन्होंने कहा कि इससे पहले नई दिल्ली कटरा के लिए जो बंदे भारत एक्सप्रेस चलाई गई थी उसे भी जालंधर में स्टॉपेज नहीं दिया गया जिससे यहां के लोग हताश हुए थे, इसलिए अब नई दिल्ली-अमृतसर वंदे भारत एक्सप्रेस में जालंधर को शामिल करना चाहिए।

सांसद रिंकू ने रेल मंत्री से कहा कि जालंधर पंजाब का बड़ा स्टेशन है। इस स्टेशन पर भी हजारों की संख्या में हर रोज यात्री आते-जाते हैं। वंदे भारत का सबसे ज्यादा फायदा व्यापारियों और कारोबारियों को होगा जिनके लिए समय बहुत कीमती हैं। अगर ट्रेन जालंधर रुकती है तो रेलवे का रेवेन्यू भी बढ़ जाएगा। उन्होंने कहा कि वंदे भारत का स्टॉपेज जालंधर में न होने से लोगों में निराशा है। उम्मीद है कि उनकी इस मांग को जल्द ही पूरा किया जाएगा। नई दिल्ली से अमृतसर के बीच 450 किलोमीटर की दूरी है। वंदे भारत एक्सप्रेस ये दूरी महज पांच घंटे में पूरी कर लेगी। सांसद सुशील रिंकू ने उम्मीद जताई है कि उनकी मांग पर रेलवे की तरफ से सकारात्मक रुख अपनाया जाएगा और इस ट्रेन के स्टॉपेज में जालंधर को शामिल किया जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App