जुकारू उत्सव में दिखेगी पांगी के लोकनृत्य की झलक

By: Jan 21st, 2024 12:55 am

ग्यारह फरवरी को मनाया जाएगा उत्सव, बैठक में तैयारियों को लेकर बनाई रणनीति

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-चंबा
पांगी जनपद का पारंपरिक जुकारू उत्सव जिला मुख्यालय में ग्यारह फरवरी को हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। जुकारू उत्सव के मौके पर पांगी के पारंपरिक लोकनृत्य पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगें। यह जानकारी पांगी कल्याण संघ के प्रधान भगत बड़ोत्रा ने जकारू उत्सव के सफल आयोजन को लेकर शनिवार को मुख्यालय में संपन्न बैठक के दौरान दी। उन्होंने कहा कि जिला मुख्यालय में भी पांगी घाटी के लोग रहते हैं, जोकि हर वर्ष आपस में मिल-जुलकर जुकारू उत्सव मनाते है। उन्होंने बताया कि पांगी घाटी में यह उत्सव करीब एक माह तक चलेगा, जबकि चंबा में एक दिन ही इसका आयोजन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि पांगी घाटी में सर्दी का मौसम खत्म होने की खुशी में इस उत्सव को मनाया जाता है। इस उत्सव का आयोजन पांगी घाटी में गांव स्तर पर होता है। हर गांव में सभी लोग एक स्थान पर एकत्रित होते हैं तथा प्रीति भोज का आयोजन किया जाता है। इस दौरान सभी लोग मिलकर एक-दूसरे से गले मिलकर बधाई देते हैं तथा आने वाले गर्मी के मौसम के लिए अच्छे दिनों की कामना करते हैं। इस उत्सव की विशेषता यह है कि घाटी के लोग जिला के किसी भी स्थान पर रहते हो वहां मिलकर इस उत्सव को मनाते हैं। बैठक में पांगी कल्याण संघ के पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App