कांग्रेस हाईकमान करेगा टिकटों का फैसला, इस संसदीय क्षेत्र में चेहरा तय करना होगी सबसे बड़ी चुनौती

By: Jan 18th, 2024 12:08 am

मंडी में प्रतिभा और हमीरपुर में मुख्यमंत्री की राय करेगी काम, कांगड़ा में चेहरा तय करना कांग्रेस के लिए सबसे बड़ी चुनौती

विशेष संवाददाता — शिमला

कसभा चुनाव में कांग्रेस किन चेहरों पर दांव लगाएगी, सबसे बड़ा सवाल अब यही है। टिकट का फैसला पार्टी हाईकमान को ही करना है, लेकिन प्रदेश से किन नामों का प्रस्ताव केंद्र को भेजा जाता है इस समय कांग्रेस संगठन और सरकार में नजरें इसी पर ठहर गई हैं। शिमला मीटिंग में लोकसभा चुनाव पर मंत्रणा के बाद बूथ स्तर से फीडबैक लेने का फैसला किया गया है। चारों लोकसभा सीटों में कांग्रेस इस बार सबसे बड़ा दांव चलने की तैयारी में है। कांग्रेस के उम्मीदवारों की बात करें तो पार्टी के पास मंडी संसदीय क्षेत्र के अलावा कोई भी दूसरी सीट तय नहीं है। मंडी में भी संशय यही है कि प्रदेशाध्यक्ष और मौजूदा सांसद प्रतिभा सिंह खुद मैदान में उतरेंगी या फिर बेटे विक्रमादित्य सिंह के लिए मैदान छोड़ देंगी। प्रतिभा सिंह के नाम को लेकर चर्चा मीटिंग में भी हुई है। प्रतिभा सिंह अध्यक्ष बने रहने की शर्त पर मंडी से चुनाव लडऩे को तैयार हो सकती हैं। कांग्रेस की चिंता का केंद्र कांगड़ा संसदीय क्षेत्र है। धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा को लेकर हालात सामान्य होते नजर नहीं आ रहे हैं, जबकि अब यहां एक और नाम नगरोटा बगवां के विधायक और पर्यटन निगम के अध्यक्ष आरएस बाली का भी जुड़ गया है। कांग्रेस को बड़ी परीक्षा हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में देनी है।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्रिहोत्री के गृहक्षेत्र में इस बार राजनीतिक पारा चरम पर रहेगा और इस हाई प्रोफाइल मुकाबले को अपने पक्ष में करने के लिए ऐड़ी-चोटी का जोर लगाने की जरूरत रहेगी। यहां शुरुआत में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की ‘हां’ पर उनसे चुनाव लड़वाने की चर्चा थी, लेकिन अब शिमला की मीटिंग के बाद कई दूसरे नाम भी सामने आ रहे हैं। हालांकि हमीरपुर में इतना तय है कि टिकट मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की सहमति से ही तय होगी। शिमला संसदीय क्षेत्र में टिकट के चाह्वानों की फेहरिस्त अभी से लगातार बढऩे लगी है। शिमला संसदीय क्षेत्र में ब्लॉक से फीडबैक जो भी रहे, लेकिन यहां दो नाम ऐसे हैं, जो अभी से प्रतिस्पर्धा में आ गए हैं। इनमें पहला नाम स्वास्थ्य मंत्री कर्नल धनी राम शांडिल का ही है। कर्नल पूर्व में भी शिमला से सांसद रह चुके हैं। दूसरा नाम कसौली से पहली बार विधायक और युवा चेहरे विनोद सुल्तानपुरी का है। प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने ब्लॉक स्तर से सुझाव लेकर जल्द ही टिकट तय करने की बात कही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App