पंचकूला में भाजपा के रोड शो में उमड़ा जनसैलाब, जेपी नड्डा ने मनोहर सरकार की जमकर की तारीफ

By: Jan 7th, 2024 12:03 am

केंद्र और प्रदेश में तीसरी बार सरकार बनाने का दावा

कार्यालय संवाददाता — पंचकूला
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल की अगवाई में शनिवार को पंचकूला में एक रोड-शो का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के अलावा प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी भी साथ थे। रोड-शो के दौरान भारी संख्या में लोग शामिल हुए और अपने नेताओं का लोगों ने पुष्प वर्षा के साथ स्वागत किया। यह रोड-शो पंचकूला के रेड-बिशप पर्यटन केंद्र के सामने से शुरू होकर बैलाविस्टा चौक पर संपन्न हुआ। रोड-शो के दौरान एक खुली गाड़ी में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री मनोहर लाल , प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी तथा उनके पीछे दूसरी गाड़ी में विधानसभा के स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता, भाजपा के प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब, भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़ सवार थे। सडक़ के दोनों तरफ हजारों की संख्या में लोग खड़े थे, जिन्होंने जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री मनोहर लाल व अन्य नेताओं का गुंजायमान नारों के साथ अभिनंदन किया।

जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री ने भी उत्साहित लोगों का हाथ हिलाकर अभिवादन स्वीकार किया। मुख्यमंत्री की गाड़ी के आगे-आगे लोग वंदे मातरम, भारत माता की जय के नारे और देशभक्ति के गीतों पर नृत्य करते हुए चल रहे थे। रोड-शो के बाद मुख्यमंत्री समेत अन्य नेताओं ने अशोक चक्र से सम्मानित शहीद मेजर संदीप शांकला की स्टैच्यू पर पुष्प माला अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने अपने सम्बोधन में हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने तीसरी बार केंद्र में मोदी सरकार और हरियाणा में मनोहर सरकार को लाने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रदेश के लोगों की खुशनसीबी है कि हरियाणा की मनोहर सरकार केंद्र की मोदी सरकार की नीतियों को अक्षरश लागू कर रही है। मनोहर सरकार का भी यह प्रयास रहा है कि कोई भी व्यक्ति अन्न, मकान और स्वास्थ्य योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App