पात्रों को घर द्वार मिल रही सुविधाएं, सीएम खट्टर ने विकसित भारत संकल्प यात्रा में शामिल लोगों से किया संवाद

By: Jan 8th, 2024 12:06 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — चंडीगढ़

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि आज देश व प्रदेश में पात्र नागरिकों को सरकारी योजनाओं व सुविधाओं का लाभ स्वत: उनके घर द्वार पर मिल रहा है। पूर्व की सरकारों की भांति लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने पड़ते। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा आम जनता की तकलीफों को दूर करने और समाज में अंतिम पायदान पर खड़े अंतिम व्यक्ति की जरूरत को पूरा करने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। इस दिशा में देशभर में चल रही विकसित भारत संकल्प यात्रा उन लोगों तक पहुंचने का एक बड़ा माध्यम बन गई है जो किसी कारणवश अभी तक सरकारी योजनाओं से नहीं जुड़ पाए। भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के प्रधानमंत्री के संकल्प को पूरा करने में यह यात्रा अहम भूमिका निभा रही है और इस स्वपन को हम सभी को मिलकर पूरा करना है। मुख्यमंत्री विकसित भारत संकल्प यात्रा में भागीदारी कर रहे लोगों से संवाद कर रहे थे।

उन्होंने नागरिकों से अनुरोध किया कि यात्रा में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित कर केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ अवश्य उठाएं। इस यात्रा का उद्देश्य है कि भारत देश विकसित देशों की श्रेणी में कैसे आए। आज दुनिया के लगभग 200 देशों में 37 देश ऐसे हैं, जो विकसित श्रेणी में आते हैं। प्रधानमंत्री ने विजऩ रखा है कि आने वाले 25 साल अर्थात देश को जब आजाद हुए 100 साल पूरे होंगे तब वर्ष 2047 में भारत भी विकसित राष्ट्र की श्रेणी में आए, जहां हर नागरिक की आवश्यकता पूरी हो। उन्होंने कहा कि रोटीए कपड़ा और मकान. शिक्षाए स्वास्थ्य, सम्मान, यह हर नागरिक को सुलभ तरीके से मिलेगा, तो उस दिन हमारा देश विकसित होगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App